सोलन की गलियों में स्ट्रीट लाइट्स की दरकार, रात को भटकते हैं लोग
संवाद सहयोगी सोलन नगर निगम सोलन के चुनाव के लिए प्रचार इन दिनों जोरों पर है। चुनाव प्रचार
संवाद सहयोगी, सोलन : नगर निगम सोलन के चुनाव के लिए प्रचार इन दिनों जोरों पर है। चुनाव प्रचार के लिए प्रत्याशियों के पास अब कम समय ही बचा है। कांग्रेस, भाजपा सहित अन्य दलों के प्रत्याशी दिन-रात एक करके प्रचार में लगे हैं। प्रदेश के कई बड़े नेता उम्मीदवारों के समर्थन में वोट मांग रहे हैं। डोर-टू-डोर प्रचार के दौरान स्थानीय लोग प्रत्याशियों के समक्ष वार्ड की समस्याओं को भी उठा रहे हैं। इसमें स्ट्रीट लाइट्स की समस्या सभी वार्डो में लोगों द्वारा उठाई जा रही है। वहीं प्रत्याशियों द्वारा समस्या के समाधान का आश्वासन भी लगे हाथ दिया जा रहा है।
नगर निगम सोलन को रोशन करने के लिए स्ट्रीट लाइट्स लगाने में लाखों का बजट खर्च करने के बाद भी शहर की कई गलियां व मुहल्ले स्ट्रीट लाइट्स की उचित व्यवस्था न होने के चलते अंधेरे में हैं। ऐसे में अंधेरे में लोगों को परेशान होना पड़ता है। नगर परिषद के कार्यकाल में जिन स्थानों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की भी गई, उचित देखरेख न होने के चलते वे कई स्थानों पर खराब पड़ी हैं। नगर निगम में नए जुड़े लोगों का कहना है कि उनके वार्ड में तो स्ट्रीट लाइट बिल्कुल नहीं हैं। वहीं निगम बनने के बाद अब लोगों को भी स्ट्रीट लाइट्स की उचित व्यवस्था होने की उम्मीद जगी है। नगर परिषद के कार्यकाल में स्ट्रीट लाइट्स पर लाखों रुपये का बजट खर्च करने के बाद भी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं है। लोगों को मजबूरन अंधेरे में परेशान होना पड़ता है, जिसकी वजह से उनके साथ कोई हादसा हो सकता है। वार्ड नंबर चार व 17 में स्ट्रीट लाइट्स की उचित व्यवस्था नहीं है।
- धर्मपाल ठाकुर, आजाद उम्मीदवार वार्ड नंबर 17 सोलन
हाल ही में नगर निगम बने सोलन शहर में पार्किग, सीवरेज, पानी, सफाई सहित अनेक समस्याएं हैं। शहर के कई वार्डो में स्ट्रीट लाइट की उचित व्यवस्था नहीं है। नगर निगम में कांग्रेस के काबिज होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर इन समस्याओं को हल किया जाएगा।
- अमन सेठी, मीडिया पेनलिस्ट प्रदेश कांग्रेस। उनके वार्ड सहित शहर में स्ट्रीट लाइट की काफी समस्या है। निगम में जुड़े नए क्षेत्र में तो स्ट्रीट लाइट नाममात्र ही हैं, जिसके चलते लोगों को असुविधा होती है। इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होना चाहिए, ताकि लोगों को परेशान न होना पड़े।
- शकुंतला शर्मा, जिला अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा एवं वार्ड चार निवासी। स्ट्रीट लाइट्स खराब होने की समस्या सोलन के सभी वार्डो की है। इसके चलते लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। कई क्षेत्रों में तो स्ट्रीट लाइट की उचित व्यवस्था ही नहीं है। इसका प्राथमिकता के आधार पर समाधान होना चाहिए।
- अंकुश सूद, अध्यक्ष शहरी कांग्रेस।