हिमाचल में बड़ा हादसा: सोलन में पहाड़ों से गिरे विशाल पत्थर, कई मकान क्षतिग्रस्त; सेना ने संभाला मोर्चा
सुबाथू के नयानगर में पहाड़ी से घरों पर विशाल पत्थर गिरने से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि गनीमत रही कि घरों के अंदर लोग बाल-बाल बच गए क्योंकि जिस समय पहाड़ी से विशाल पत्थर घरों पर गिरे उस समय घरों में लोग भी थे।
सोलन, संवाद सहयोगी: सुबाथू छावनी के साथ लगती जाडला पंचायत के नयानगर गांव में पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर गिरने से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि गनीमत रही कि घरों के अंदर लोग बाल-बाल बच गए, क्योंकि जिस समय पहाड़ी से विशाल पत्थर घरों पर गिरे उस समय घरों में लोग भी थे। विशाल पत्थर सड़क व घरों की छतों को तोड़ते हुए नीचे की ओर गिर गए।
लोगों ने भागकर बचाई अपनी जान
बीडीसी सदस्य देवेंद्र शर्मा ने बताया कि जैसे ही पहाड़ से विशाल पत्थर गिरने की आवाज आई तो नयानगर निवासी महेश थापा के परिवार के लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई, लेकिन उनके भाई का बेटा जख्मी हो गया। उनके मकान को भारी नुकसान हुआ। घटना की सूचना के बाद वहां पर सेना के जवानों समेत ग्रामीण व लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी सहायता के लिए एकत्रित हो गए।
जाडला पंचायत के पूर्व प्रधान प्रेम ठाकुर ने बताया कि प्रशासन व सरकार की तरफ से पीड़ित परिवार की हर संभव मदद दी जा रही है। क्षेत्र के विधायक को भी इस घटना के बारे में अवगत करवा दिया गया है।
एसडीएम कसौली गौरव महाजन ने क्षतिग्रस्त घरों का लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम कसौली गौरव महाजन भी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त घरों का जायजा लिया। उन्होंने बारिश के कारण अन्य क्षेत्रों को भी चयनित कर वहां पर एहतियातन कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घरों को जो नुकसान हुआ है उसके लिए राजस्व विभाग के कर्मचारियों को निर्देश दे दिए हैं।