पति से कहासुनी के बाद महिला ने जहर निगल दी जान
चंडी पंचायत में एक महिला ने पति के साथ कहासुनी के बाद जहर निगल कर आत्महत्या कर ली।
संवाद सहयोगी, बद्दी : चंडी पंचायत में एक महिला ने पति के साथ कहासुनी के बाद जहर निगल कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। 32 वर्षीय सरोज बाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंडी के सामने दवाओं की दुकान चलाती थी। उसने बुधवार रात 10 बजे जहर निगला। परिजन सरोज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंडी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। सरोज बाला का विवाह उक्खू निवासी किरत पाडव के साथ हुआ था। दोनों के दो बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी में अकसर झगड़ा होता था। महिला ने पुलिस चौकी कुठाड़ में पति के खिलाफ शिकायत भी दी थी, जिस पर पुलिस ने किरत पाडव को चेतावनी दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना कसौली के प्रभारी निर्मल दास थिंड ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया। पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने सरोज बाला के पति किरत पाडव को गिरफ्तार कर लिया है।