पशु-पक्षियों व पेड़-पौधों का संरक्षण मानव के लिए जरूरी
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन में ग्रीन फ्यूचर ईको क्लब ने कार्यक्रम का आयोजन किया।
संवाद सूत्र, अर्की : राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन में ग्रीन फ्यूचर ईको क्लब ने अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस मनाया। इस दिवस पर भाषण, कविता व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्लब सदस्य गीतांजलि ने बताया कि जैव विविधता से अभिप्राय विभिन्न प्रकार के जीव-जंतु और वनस्पति से है, जो संसार के विशेष क्षेत्र में एक साथ रहते हैं। यह दिन धरती पर पशु-पक्षियों और पेड़-पौधों के संरक्षण के संकल्प का दिन है। यशस्वी क्लब सदस्य ने कविता से जैव विविधता पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने बताया कि भारत विश्व के 12 वृहद जैव विविधता वाले देशों में से एक है। जीवों व वनस्पतियों के अस्तित्व को खतरे में डालकर हम कब तक जी सकते हैं। इसे बचाना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, ताकि मानव जाति का जीवन यापन आसानी से हो।
वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्रा सोलन में भी जैव विविधता दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान छात्राओं ने जैव विविधता पर विचार प्रस्तुत किए। इस दौरान ईको क्लब की अध्यक्ष व प्रवक्ता हिताषी शर्मा व विद्यालय की प्रधानाचार्या अनिता कौशल मौजूद रहीं।