सोलन में रुका राहुल गांधी का काफिला, कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया स्वीकार
Rahul Gandhi in Solan. प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ शिमला से दिल्ली लौटते समय राहुल गांधी का काफिला दो से तीन मिनट के लिए सोलन में रुका।
संवाद सहयोगी, सोलन। अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ शिमला से दिल्ली लौटते समय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का काफिला दो से तीन मिनट के लिए सोलन में रुका और कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। राहुल गांधी व प्रियंका से मिलने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सोलन के दोहरी दीवार पर एकत्रित थे।
जैसे ही राहुल का काफिला दोहरी दीवार पहुंचा तो कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़कर उनको रोकना चाहा। राहुल ने भी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को देखते हुए गाड़ी रुकवा दी। राहुल गांधी का काफिला कांग्रेसियों को देखकर रुका जरूर, लेकिन फ्लाइट लेट हो जाने का हवाला देकर राहुल गांधी गाड़ी से नहीं उतरें। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पर्यटन निगम के पूर्व निदेशक सुरेंद्र सेठी, जिला कांग्रेस के मीडिया कॉर्डिनेटर अमन सेठी, रोहित शर्मा ने उनको बुके दिया।
राहुल ने कहा कि फ्लाइट के लिए देर हो रही। उन्होंने कार्यकर्ताओं को दिल्ली आने को भी कहा। राहुल व प्रियंका को देखने के लिए उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़ व वाहनों के जमावड़े के कारण राहुल व प्रियंका का दीदार कुछ ही कार्यकर्ताओं को हुआ। अधिकतर कांग्रेसियों को तो उनका चेहरा भी नहीं देखने का मिला।
एकाएक रुकी राहुल की गाड़ी को देख कर एसपीजी भी अलर्ट हो गई और उन्होंने गाड़ी के चारों ओर सुरक्षा घेरा बना लिया, इसलिए कार्यकर्ता आसानी से उन तक नही पहुंच सके।