जमीन का कर लिया है चयन, जल्द बनेगा थाना
कुनिहार की जनता पिछले 33 वर्षों से कुनिहार पुलिस चौकी की बदहाली को लेकर परेशान है।
देवेंद्र तनवर, कुनिहार
लंबे समय से पुलिस थाने की राह देख रहे कुनिहार के लोगों के लिए अच्छी खबर है। 25 जनवरी को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यहां थानेदार बिठाने को मंजूरी दी थी और पुलिस चौकी को थाने में तबदील करने के आदेश दिए थे। इसके बाद जिला पुलिस ने अब कुनिहार थाने के लिए जमीन का चयन कर लिया है। गौर रहे कि पिछले कई वर्षो से कुनिहार की टूटी फूटी चौकी में पुलिस कर्मी अपनी जान जोखिम में डाल कर ड्यूटी बजाने को मजबूर हैं। यहां दिए गए दो कमरों की दीवारें जर्जर हैं। पूर्ण राज्यत्व दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कुनिहार पुलिस चौकी को थाना बनाने की घोषणा की थी। इस घोषणा को कैबिनेट में पुलिस चौकी कुनिहार को अपग्रेड कर पुलिस थाना व 16 पद भरे जाने की मंजूरी के लिए कुनिहार की जनता ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद किया था। यहां चौकी की हालत को देखकर भवन मालिक ने इमारत को खाली करने के लिए भी आला अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। वर्ष 1986 में कुनिहार के शिमला नालागढ़ मुख्य मार्ग में एक किराये के पुराने भवन में अस्थाई चौकी स्थापित की गई थी, जिसमें चार कमरे थे, दो कमरों में कार्यालय और एक कमरा कर्मियों के लिए वह एक चौकी इंचार्ज के लिए इस्तेमाल में लाया जा रहा है। यहां पुलिस चौकी में करीब 14 पुलिसकर्मियों की तैनाती है।
एसपी सोलन मधुसूदन शर्मा ने कहा कुनिहार पुलिस चौकी अभी अस्थाई रूप से चलाई जा रही थी, लेकिन मुख्यमंत्री ने कुनिहार पुलिस चौकी को थाने में तबदील करने की बात कही है, जैसे ही रिकार्ड में यह आ जाएगा, उसके बाद इसे थाने में तबदील कर यहां थानेदार को बैठा दिया जाएगा। थाने के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है और जल्द ही इसका निर्माण कार्य भी शुरू होगा।
लोगों को मिलेगी सुविधा : सुनीता
ग्राम पंचायत हाटकोट की प्रधान सुनीता ठाकुर ने कहा कुनिहार चौकी को थाने में तबदील करने की मंजूरी से समस्त हाटकोट पंचायत के लोग खुश हैं। कुनिहार में पुलिस थाना होने से पासपोर्ट बनाने वाले लोगों को अर्की नहीं जाना पड़ेगा और क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनी रहेगी। विकास सभा के प्रधान धनी राम तनवर ने बताया कि कुनिहार में पहले भी चौकी का मुद्दा उठाया है। व्यापार मंडल के प्रधान सुमित मित्तल ने कहा कि व्यापारिक दृष्टि से कुनिहार एक बहुत बड़े बाजार के रूप में उभर रहा है।