सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र बनने की ओर भारत
शिमला लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने मंगलवार को दून विधानसभा क्षेत्र के कुठाड़ चंड़ी गोयला साई खरूणी चक्का बद्दी और बरोटीवाला में अपनी चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया।
जागरण संवाददाता, बद्दी (सोलन) : शिमला लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने मंगलवार को दून विधानसभा क्षेत्र के कुठाड़, चंड़ी, गोयला, साई, खरूणी, चक्का, बद्दी और बरोटीवाला में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पांच वर्ष में जो काम करके दिखाया है वह कांग्रेस अपने शासन काल में नहीं कर पाई है। भारत सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर हुआ है।
भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि सवा साल की छोटी सी अवधि में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा ने अभूतपूर्व प्रगति की है। इस अवधि में प्रदेश की विभिन्न योजनाओं के लिए केंद्र सरकार से 14,000 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मिली है। कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र में पर्यटन, वन्य जीवन पर्यटन और उद्योग की दृष्टि से अपार संभावनाएं हैं और सांसद चुने जाने पर वह इन सभी क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर काम करेंगे। इस दौरान विधायक परमजीत सिंह पम्मी, संगठन मंत्री पुरुषोत्तम गुलेरिया, मंडल अध्यक्ष दून बलबीर ठाकुर, दर्शन सिंह सैणी आदि मौजूद रहे।