विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के बद्दी में नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एएस केमिकल के दूसरे गोदाम से लाखों फेरैोक्योर टैबलेट जब्त

Published: Thu, 10 Sep 2026 05:30 AM (IST)

बद्दी पुलिस ने ड्रग विभाग के साथ मिलकर एएस केमिकल के दूसरे गोदाम से 26.40 लाख फेरैोक्योर टैबलेट बरामद की ...और पढ़ें

हिमाचल के बद्दी में नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई। फोटो जागरण

हिमाचल के बद्दी में नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई। फोटो जागरण

HighLights

  1. बद्दी में 26.40 लाख फेरैोक्योर टैबलेट बरामद।

  2. एएस केमिकल के दूसरे गोदाम पर पुलिस की दबिश।

  3. एनडीपीएस मामले की जांच में मिली बड़ी सफलता।

जागरण संवाददाता, सोलन। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में नशीली और प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। 26 अगस्त को दर्ज एनडीपीएस मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए बद्दी पुलिस ने दवा नियंत्रण विभाग ड्रग विभाग के सहयोग से गांव बिल्लांवली स्थित एएस केमिकल के एक अन्य गोदाम पर दबिश देकर 26 लाख 40 हजार फेरैोक्योर टैबलेट बरामद की हैं।

बरामद दवाएं ड्रग्स एंड कास्मेटिक्स एक्ट एवं नियमों के दायरे में आती हैं। इनके संबंध में ड्रग विभाग की ओर से अलग से कार्रवाई की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक राज्य दवा नियंत्रक कार्यालय की तरफ से इनके पास लाइसेंस नहीं था। हालांकि ये दवाएं नशीली नहीं हैं, लेकिन बिना अनुमति यहां गोदाम में पाई गई हैं।

3100 ट्रामाडोल टैबलेट सहित कई दवाई बरामद

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को एएस केमिकल के गोदाम से बड़ी मात्रा में नशीली एवं प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुई थीं। इनमें 55,650 क्लोनाजेपाम टैबलेट, 3,05,518 अल्प्राजोलाम टैबलेट, 19,245 ट्रामाडोल-डाइसाइक्लोमाइन कैप्सूल और 3,100 ट्रामाडोल टैबलेट शामिल थीं।

ट्रामाडोल, क्लोनाजेपाम और अल्प्राजोलाम का कुल 43.22 किलोग्राम पाउडर, 41 बोतल कोडीन फास्फेट एवं ट्रिप्रोलिडीन सीरप तथा करीब 49.14 किलोग्राम प्रिंटेड फायल भी बरामद किया था। ड्रग्स एंड कास्मेटिक्स एक्ट एवं नियमों के तहत आने वाली अन्य दवाएं भी बरामद हुई थीं।

इनमें 7400 टेपेंटाडोल टैबलेट, 310 सेफ्ट्रियाक्सोन एवं सल्बैक्टम इंजेक्शन की शीशियां, 12,690 गैबापेंटिन एवं नार्ट्रिप्टिलीन हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट, 3,305 टेपेंटाडोल टैबलेट, 57 बोतल फेरस एस्कार्बेट एवं फोलिक एसिड सस्पेंशन तथा 210 प्रेगाबालिन कैप्सूल शामिल थे।

बिल्लांवली स्थित दूसरे गोदाम में कार्रवाई

इस मामले में गोदाम मालिक 38 वर्षीय अंकित कौशल निवासी गांव एवं डाकघर जैस, तहसील तिलोई, जिला अमेठी (उत्तर प्रदेश) के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया है।

ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट एवं नियमों के तहत आने वाली दवाइयों को लेकर ड्रग विभाग ने अलग से कार्रवाई शुरू की थी। पुलिस के मुताबिक मामले की आगामी जांच के दौरान आठ सितंबर को बिल्लांवली स्थित दूसरे गोदाम में कार्रवाई की गई।

यहां से 26,40,000 फेरैोक्योर टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस अब मामले में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि क्षेत्र में नशीली दवाइयों और अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

राज्य दवा नियंत्रक डा. मनीष कपूर ने कहा कि पहले से जांच के अधीन चल रहे एक मामले में अब एक और बड़ी कामयाबी पुलिस और दवा नियंत्रक कार्यालय को मिली है। ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह बेपर्दा करने के लिए पुलिस व विभाग की टीमें कार्रवाई में जुटी हैं।

गोदाम के लिए वैध ड्रग लाइसेंस नहीं मिला

इस वर्ष 7 व 8 मई 2026 किशनपुरा बद्दी जैन विजन में 20,270 प्रेगाबालिन कैप्सूल व 7.63 किग्रा खुली गोलियां बरामद हुई। 8 मई 2026 बद्दी के सालासर कॉम्प्लेक्स गोदाम में करीब 2.23 लाख प्रतिबंधित गोलियां लगभग 1.61 लाख ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड और 61,164 अल्प्राजोलाम पाई गई और दो गिरफ्तार किए गए। 15 जुलाई 2026 गुरूमाजरा/बरोटीवाला बद्दी 29,990 गोलियां और 206 दवा की शीशियां मौके पर वैध लाइसेंस/बिल नहीं मिले।

26 अगस्त 2026 संडोली रोड बद्दी ए.एस. केमिकल का गोदाम 55,650 क्लोनाजेपाम व 3,05,518 अल्प्राजोलाम व 19,245 ट्रामाडोल-डाइसाइक्लोमाइन कैप्सूल व 3,100 ट्रामाडोल गोलियां, कुल 43.22 कि.ग्रा. पाउडर, 41 कोडीन सिरप की बोतलें और 49.14 कि.ग्रा. प्रिंटेड फॉयल मिली और गोदाम के लिए वैध ड्रग लाइसेंस भी नहीं मिला।

27 अगस्त 2026 बद्दी का बंद गोदाम करीब चार लाख नशीली/प्रतिबंधित गोलियां, कैप्सूल और इंजेक्शन बरामद किए गए, इनमें टेपेंटाडोल, गैबापेंटिन व अन्य शामिल थे। 29 अगस्त 2026 चंडीगढ़-बद्दी हाईवे क्षेत्र रिपोर्टों में 67.80 लाख नशीली गोलियों की बरामदगी की गई थी, हालांकि इनका लिंक जांच के दौरान किसी अन्य राज्य से पाया गया।

सितंबर 2026 एनसीबी की कार्रवाई बद्दी-नालागढ़ के कई ठिकाने करीब 25 लाख गोलियां और 2,000 किग्रा से अधिक टेपेंटाडोल पाउडर की बरामदगी की रिपोर्ट; इसमें बद्दी का बिना लाइसेंस परिसर और नालागढ़ के जगातखाना की इकाई/दुकानें शामिल थीं। अब 8 सितंबर 2026 बिल्लांवली बद्दी ए.एस. केमिकल का दूसरा गोदाम मिला है, जिसमें 26,40,000 फेरैोक्योर टैबलेट बरामद हुई हैं।