चुनाव पर निर्भर करेगा कि लोकतंत्र जीतेगा या तानाशाही : वीरभद्र
चुनावों में हैरतअंगेज नतीजे आएंगे। भाजपा का जीतना ठीक नहीं है क्योंकि वो सिर्फ जुमलेबाज है। वे लोग सिर्फ बड़े लोगों के लिए ही काम करते हैं।
संवाद सूत्र, दाड़लाघाट : चुनाव में हैरतअंगेज नतीजे आएंगे। भाजपा का जीतना ठीक नहीं है, क्योंकि वह सिर्फ जुमलेबाज है। वे लोग सिर्फ बड़े लोगों के लिए ही काम करते हैं। अब चुनाव पर निर्भर करेगा कि लोकतंत्र जीतेगा या तानाशाही। ये बात शिमला संसदीय से कांग्रेस प्रत्याशी कर्नल धनीराम शांडिल के पक्ष में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अर्की निर्वाचन क्षेत्र का एक दिवसीय प्रवास के दौरान कही। इसमें उन्होंने दानोघाट, बागा, कंधर, बैरल, नवगांव, सन्याडी, दाड़लाघाट में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। दाड़लाघाट में वीरभद्र सिंह ने कहा कि पूरे देश में आज लोग भाजपा की नीतियों और कुशासन से परेशान हैं। इनकी कथनी और करनी में अंतर है। जनता इन्हें पहचान गई है। 2014 में विदेशों से कालाधन वापस लाना, हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने, महंगाई पर काबू पाना आदि इन्होंने किए वादे किए थे, लेकिन अब हर मतदाता खुद को छला महसूस कर रहा है। लोगों का ध्यान भटकाने के लिए कभी फौज का सहारा लिया जा रहा है। देश में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। इस दौरान महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल, शिव कुमार, नंदलाल, जगदीश ठाकुर, अनिल गुप्ता, सुरेंद्र वर्मा, अमरचंद पाल, संजय ठाकुर, मोहन ठाकुर आदि मौजूद रहे।
-------
मैंने कभी सुखराम से जप्पी नहीं मारी
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने दाड़लाघाट में कहा कि मंडी में जगह-जगह मेरा और पंडित सुखराम का पोस्टर जप्पी मारते हुए दिखाया गया है, जबकि वह वास्तविक फोटो नहीं है। मैं पंडित सुखराम का आदर सम्मान करता हूं, लेकिन मुझे तनिक भी याद नहीं कि मैंने कभी भी उनसे ऐसी जप्पी मारी हो। मुझे लगता है कि यह सब लोगों को गुमराह करने के लिए किया गया एक प्रयास है।