दोनों उपचुनाव कांग्रेस ही जीतेगी : राठौर
कांग्रेस पार्टी पच्छाद व धर्मशाला में होने वाले दोनों उपचुनाव जीतेगी। इस चुनाव में कांग्रेस एकजुट है जबकि भाजपा गुटों में बंटी नजर आ रही है।
संवाद सहयोगी, सोलन : कांग्रेस पार्टी पच्छाद व धर्मशाला के उपचुनाव में जीत दर्ज करेगी। कांग्रेस एकजुट है, जबकि भाजपा गुटों में बंटी नजर आ रही है। यह बात प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने शनिवार को सोलन में पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि दोनों हलकों में कांग्रेस बढ़त में है। धर्मशाला उपचुनाव में जीएस बाली व सुधीर शर्मा के आने से विपक्ष की फैलाई जा रही अफवाह खत्म हो गई है। भाजपा नेताओं की आपस में ही लड़ाई चल रही है। राठौर ने वरिष्ठ नेता शांता कुमार के उस बयान की तारीफ की, जिसमें उन्होंने कहा था कि लोकतंत्र में विपक्ष का मजबूत होना बेहद जरूरी है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पच्छाद उपचुनाव में पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल ने जनसभाओं में केवल अपने की काम गिनवाए। उन्होंने न तो प्रत्याशी का नाम लिया और न ही उनके समर्थन में कुछ कहा। भाजपा की प्रत्याशी भी धूमल की जनसभा से गायब रहीं। पच्छाद में आखिरी जनसभा के बाद सीएम जयराम ठाकुर हताशा नजर आए। जयराम ने कहा कि बागी नेता दयाल प्यारी भाजपा की वरिष्ठ नेता रही हैं। उन्होंने पच्छाद में महिला प्रत्याशी को टिकट दिया है। राठौर ने कहा कि एक महिला का टिकट काटकर दूसरी महिला को दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उपचुनाव में भाजपा ने आदर्श आचार संहिता का जमकर उल्लंघन किया। कांग्रेस ने इस बारे में चुनाव आयोग को शिकायत भी भेजी। उनकी शिकायत पर विस अध्यक्ष डॉ. राजीव बिदल, मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, विपिन परमार को नोटिस भी भेजा, लेकिन वह मात्र ड्रामा था। इसमें चुनाव आयोग बेबस नजर आया।