विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना: हिमाचल के गरीब परिवारों को मिलेगी 300 यूनिट बिजली, ₹1500 पेंशन 

Published: Sat, 19 Sep 2026 08:24 AM (IST)

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने कंडाघाट में 'मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना' के नए लाभार्थियों से संवाद किया।

कौन-कौन उठा सकता है 'अपना परिवार सुखी परिवार योजना' का फायदा।

 कौन-कौन उठा सकता है 'अपना परिवार सुखी परिवार योजना' का फायदा।


HighLights

  1. स्वास्थ्य मंत्री ने कंडाघाट में लाभार्थियों से संवाद किया

  2. योजना अति गरीब परिवारों को विभिन्न सहायता प्रदान करेगी

  3. कंडाघाट व सोलन में 1500 से अधिक परिवार जुड़े

संवाद सहयोगी, सोलन। हमारी सरकार प्रदेश के अति गरीब परिवारों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए 'मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाएगी।

यह बात स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय कंडाघाट में मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना में नए लाभार्थियों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि कोई भी परिवार अभाव में न रहे और हर व्यक्ति सम्मान एवं गरिमा के साथ अपने जीवन का निर्वहन कर सके। इस तरह अब तक कंडाघाट विकास खंड में 798 व सोलन विकास खंड के 713 परिवारों को अपना परिवार सुखी परिवार से जोड़ा जा चुका है।

योजना से जुड़े लोगों को मिलेंगे ये लाभ

उन्होंने कहा कि इन सभी पात्र परिवारों को हिमकेयर, सहारा योजना, स्वरोजगार के साधन, आवास सहायता, सस्ता राशन, 300 यूनिट निःशुल्क बिजली, पात्र महिलाओं को 1500 रुपए मासिक और समय पर पेंशन जैसी सुविधाओं की पक्की सुरक्षा लगभग प्रदेश के दो लाख अति निर्धन लोगों को दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि पात्र परिवार 20 सितंबर तक अधिकृत कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनीं और इनके निपटारे के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

किन लोगों को मिलेगा इस योजना का लाभ

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी सोलन मंजुला कंवर ने अवगत करते हुए कहा कि बेसहारा, वृद्धजन, विधवा, तलाकशुदा, विकलांग, गंभीर बीमारी से ग्रस्त लोग तथा जिन परिवारों की वार्षिक आय 75 हजार रुपये या इससे कम हो, इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि पात्र लोग विकलांगता प्रमाण पत्र, चिकित्सा प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की प्रति व स्व घोषणा पत्र प्रस्तुत कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
खंड विकास अधिकारी कंडाघाट ओमप्रकाश शर्मा ने इससे पूर्व मुख्यातिथि का स्वागत कर कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के उपाध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, प्रदेश कांग्रेस महासचिव रमेश ठाकुर, खंड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अमित ठाकुर, कंडाघाट पंचायत समिति की अध्यक्ष इंदिरा चौहान, एसडीएम कंडाघाट गोपाल चंद शर्मा, सीडीपीओ कंडाघाट रक्षा देवी, तहसील कल्याण अधिकारी भूपाल भरत सहित अपना परिवार सुखी परिवार के सदस्यों ने भाग लिया।

यह भी पढ़ें- सेब के कार्टूनों से निकली 5301 से लीटर शराब, बिहार में पकड़ा गया हिमाचल प्रदेश से आया ट्रक