हिमाचल: नालागढ़ थाना IED ब्लास्ट मामले में NIA की बड़ी कार्रवाई, 2 और आरोपी चढ़े हत्थे; अब तक आठ की हुई गिरफ्तारी
नालागढ़ पुलिस थाना परिसर में जनवरी में हुए आईईडी विस्फोट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने दो और आरोपियों, हरमन हैरी और जसन सैनी को गिरफ्तार किया है।
-1790348395281_m.webp)
नालागढ़ थाना IED ब्लास्ट मामले में दो और गिरफ्तार। फाइल फोटो
HighLights
NIA ने नालागढ़ आईईडी विस्फोट मामले में जांच तेज की।
हरमन हैरी और जसन सैनी नामक दो नए आरोपी गिरफ्तार।
विस्फोट मामले में अब तक कुल आठ आरोपी गिरफ्तार किए गए।
जागरण संवाददाता, नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ पुलिस थाना परिसर में इस साल जनवरी में हुए आईईडी विस्फोट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने जांच तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरमन हैरी और जसन सैनी के रूप में हुई है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में एनआईए द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
एनआईए के अनुसार, नालागढ़ पुलिस थाना परिसर में एक जनवरी को सुबह करीब 9:40 बजे थाना प्रभारी के जांच कक्ष से सटी बाहरी दीवार के पास आईईडी विस्फोट हुआ था। घटना के बाद मामले की जांच एनआईए को सौंप दी गई थी। एजेंसी ने आठ मई को मामले को दोबारा दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की।
पहले छह आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में एनआईए इससे पहले महावीर कुमार उर्फ काका, अजय मेहरा, मनप्रीत सिंह उर्फ मनी, अरशदीप सिंह कंडोला उर्फ अर्श कंडोला, करणप्रीत सिंह और दिलजोत सिंह सैनी को गिरफ्तार कर चुकी है। एनआईए के मुताबिक, इन आरोपियों को शुरुआत में पंजाब पुलिस ने मोहाली के एसएएस नगर थाना तथा गढ़शंकर थाना में दर्ज अलग-अलग मामलों के सिलसिले में गिरफ्तार किया था।
बाद में एनआईए ने नालागढ़ थाना परिसर में हुए आईईडी विस्फोट से जुड़ी साजिश की जांच के दौरान इन्हें अपनी गिरफ्त में लिया। एनआईए अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर विस्फोट की साजिश, इसमें शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
