स्टाफ कम होने से दाड़लाघाट से चंडीगढ़ नियमित नहीं चल रही बस
हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस दाड़लाघाट से पीजीआइ चंडीगढ़ के लिए नियमित नहीं चल रही है।
संवाद सूत्र, अर्की : हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस दाड़लाघाट से पीजीआइ चंडीगढ़ के लिए नियमित नहीं चलती है। निगम के पास स्टाफ की कमी है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। मंगलवार सुबह करीब तीन बजे कश्लोग पंचायत के नेवड़ी गाव से प्रेम चंद, रामदास व हरीश गाड़ी कर कराड़ाघाट पहुंचे। उन्होंने चंडीगढ़ जाना था, लेकिन बस नहीं आई। फिर उन्हें किसी ने जानकारी दी कि बस नियमित नहीं आती है। इस कारण उन्हें वापस घर आना पड़ा। कुछ दिन पहले मांझू के ओम प्रकाश चौहान व यशोदा चौहान को भी परेशानी झेलनी पड़ी थी।
निगम की यह बस सुबह चार बजे दाड़लाघाट से व पौने पाच बजे अर्की से पीजीआइ चंडीगढ़ को चलती है, जो लगभग नौ बजे वहां पहुंचती है। वहां से दोपहर बाद साढ़े तीन चलती है और रात करीब नौ बजे अर्की पहुंचती है। लोगों ने सरकार से आग्रह किया है कि बस रोजाना चलाई जाए। आरएम परवाणू संजीव विष्ट का कहना है कि स्टाफ की कमी के कारण बस नियमित रूप से नहीं चल पा रही है। कौशल विकास भत्ते के तहत जो प्रशिक्षु कंडक्टर सरकार ने रखे थे अब उन्हें हटा दिया है।