वरिष्ठ चिकित्सक नियमित रूप से करें कोरोना मरीजों की जांच
मेक शिफ्ट अस्पताल नालागढ़ का मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को दौर
संवाद सूत्र, नालागढ़ : मेक शिफ्ट अस्पताल नालागढ़ का मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को दौरा किया और व्यवस्था का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 मरीजों की जांच वरिष्ठ चिकित्सकों को भी नियमित रूप से करनी चाहिए। मरीजों को उनकी बीमारी और दवा के बारे में उचित परामर्श दिया जाना चाहिए। नालागढ़ अस्पताल परिसर में बने मेक शिफ्ट अस्पताल में कोरोना संक्रमितों का उपचार किया जा रहा है। इस अस्पताल का 10 फरवरी को उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू़ ने वर्चुअली उद्घाटन किया था। 45 बिस्तर के मेक शिफ्ट अस्पताल के निर्माण पर 2.36 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पुलिस को भी यह सुनिश्चित करना चाहिए कि लोग शारीरिक दूरी व मास्क का प्रयोग करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि न केवल कोरोना सैंपलिग के दायरे को बढ़ाया जाए, अपितु कोविड वैक्सीनेशन में और तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को मामलों के बढ़ने की स्थिति में आवश्यक मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जानी चाहिए। लोगों को फेस मास्क व हैंड सैनिटाइजर का प्रयोग करने और सार्वजनिक स्थानों में भीड़-भाड़ से बचने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। धार्मिक स्थानों पर भी श्रद्धालुओं के लिए मानक संचालन प्रक्रिया का प्रभावी कार्यान्यवन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सैजल, लोकसभा सदस्य सुरेश कश्यप, दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैणी, स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी, पूर्व विधायक केएल ठाकुर, डीसी सोलन केसी चमन, एसडीएम नालागढ़ महेंद्र पाल गुर्जर, तहसीलदार ऋषभ शर्मा, सीएमओ सोलन डा. राजन उप्पल, बीएमओ नालागढ़ डा. केडी जस्सल आदि उपस्थित रहे।