विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोलन में नगर निगम के बाद जिला परिषद चुनाव में भी भाजपा की जीत, शीला दूसरी बार बनीं अध्यक्ष; पंकज शर्मा उपाध्यक्ष

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 13 Jul 2026 02:05 PM (IST)

सोलन जिला परिषद चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की है, जहां कुमारी शीला अध्यक्ष और पंकज शर्मा उपाध्यक्ष चुने ...और पढ़ें

जिला परिषद अध्यक्ष निर्वाचित कुमारी शीला और उपाध्यक्ष पंकज शर्मा। जागरण

जिला परिषद अध्यक्ष निर्वाचित कुमारी शीला और उपाध्यक्ष पंकज शर्मा। जागरण

HighLights

  1. सोलन जिला परिषद चुनाव में भाजपा ने जीत हासिल की।

  2. कुमारी शीला अध्यक्ष और पंकज शर्मा उपाध्यक्ष चुने गए।

  3. भाजपा का सोलन जिला परिषद पर लगातार दूसरा कब्जा।

संवाद सहयोगी, सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में नगर निगम के बाद जिला परिषद चुनाव में भी भाजपा ने जीत हासिल की है। जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित सदस्य काबिज हुए हैं। सोमवार को जिला परिषद के सभागार में हुई औपचारिक प्रक्रिया में सोलन विस क्षेत्र के डांगरी वार्ड से निर्वाचित सदस्य कुमारी शीला को सर्वसम्मति से जिला परिषद का अध्यक्ष चुना गया है।

वहीं कसौली विधानसभा क्षेत्र के टकसाल वार्ड से जीत दर्ज करने वाले पंकज शर्मा को उपाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। लगातार दूसरी बार जिला परिषद सोलन पर भाजपा का कब्जा होने से कार्यकर्ताओं व नेताओं में खुशी की लहर है। 

पहले भी अध्यक्ष रही हैं शीला

नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुमारी शीला इससे पूर्व भी वर्ष 2011 से 2016 तक जिला परिषद अध्यक्ष के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। वहीं वह 2012 में सोलन विस क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर बतौर विधायक पद का चुनाव लड़ चुकी हैं। 

उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित पंकज शर्मा कसौली क्षेत्र के साथ लगती पंचायत नाहरी के उपप्रधान रह चुके हैं।

सांसद समेत अन्य नेता पहुंचे

इस मौके पर लोकसभा सदस्य सुरेश कश्यप, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, दून के पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी, नालागढ़ के पूर्व विधायक लखविंद्र राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष रतन सिंह पाल, सोलन नगर निगम की महापौर सुषमा शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

यह था समीकरण

गौरतलब है कि जिला परिषद के 17 वार्डों में भाजपा ने अपने उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारे थे, जिसमें से 10 उम्मीदवार जीत कर आए थे। वहीं तीन निर्दलीय व चार कांग्रेस समर्थित जीते थे। 

क्या बोले- नवनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष

कुमारी शीला व पंकज शर्मा ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद कहा कि पूरे सोलन जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और विकास योजनाओं को मजबूती प्रदान करने के लिए कार्य किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: हिमाचल की पंचायतों में वार्ड सदस्य की भागीदारी से तैयार होंगी योजनाएं, 16वें वित्तायोग से हर वार्ड में होंगे दो काम