बाल्द नदी का कटाव बढ़ने से हादसे की आशंका! हिमाचल-हरियाणा बॉर्डर पर स्कूल और छात्रों की सुरक्षा खतरे में
हिमाचल-हरियाणा सीमा पर बाल्द नदी के अत्यधिक कटाव से निजी स्कूल गाइड कान्वेंट का भवन और छात्रों की सुरक्षा खतरे में है।

बाल्द नदी का कटाव बढ़ने से हादसे की आशंका (फाइल फोटो)
HighLights
बाल्द नदी के कटाव से गाइड कान्वेंट स्कूल भवन को खतरा
हिमाचल-हरियाणा सीमा पर स्थित स्कूल में 400 छात्र पढ़ते हैं
स्कूल प्रबंधन ने मुख्यमंत्रियों से तत्काल बचाव कार्य की मांग की
जागरण संवाददाता, बीबीएन। हिमाचल हरियाणा की सीमा पर स्थित बाल्द नदी में लगातार हो रहे अत्यधिक कटाव ने निजी स्कूल गाइड कान्वेंट के भवन और विद्यार्थियों की सुरक्षा पर चिंता पैदा कर दी है।
स्कूल प्रबंधन ने हिमाचल व हरियाणा के मुख्यमंत्री को पत्र भेज नदी के कटाव से बचाव के लिए सुरक्षा एवं निर्माण कार्य करवाने की मांग की है।
किसानों व स्कूल प्रबंधन ने बताया कि विद्यालय भवन हरियाणा सीमा के समीप हिमाचल की हरिपुर संडोली पंचायत के शीतलपुर गांव व हरियाणा राज्य के गांव खेड़ा पंचायत के पास स्थित है। बाल्द नदी में हो रहे कटाव के कारण नदी का बहाव अब स्कूल भवन के बेहद करीब पहुंच गया है। इससे विद्यालय भवन को नुकसान होने के साथ-साथ बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी खतरा पैदा हो गया है।
स्कूल प्रबंधक सुमन गुप्ता, किसान राजेंद्र, सुरेंद्र, अमरजीत, गुरजीत ने कहा कि नदी के कटाव की चपेट में किसानों की भूमि भी आ रही है। कटाव के कारण कई बच्चों का संपर्क मार्ग प्रभावित हुआ है और विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में परेशानी हो रही है।
विद्यालय में नर्सरी से दसवीं कक्षा तक करीब 400 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। स्कूल प्रबंधन व किसानों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण करवाकर तत्काल प्रभाव से बाढ़ एवं नदी कटाव रोधी कार्य शुरू करवाने की मांग की है।
