अमित शाह ने 20 हजार गुंडों के साथ किया प.बंगाल का माहौल खराब
पूर्व केंद्रीय मंत्री व राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता आनंद शर्मा ने धर्मपुर में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल के पक्ष में आयोजित रैली में जनसभा को संबोधित किया।
सोलन, जेएनएन। नरेंद्र मोदी एकमात्र ऐसे प्रधानमंत्री है जो पूर्व के सभी प्रधानमंत्रियों की आलोचना करते हैं। मोदी सिर्फ अपना गुणगान ही मंच से करते हैं और हमेशा बोलते हैं कि मैंने यह किया वो किया। हमने देश का प्रधानमंत्री चुना है कथावाचक नहीं। ये शब्द पूर्व केंद्रीय मंत्री व राज्यसभा में वीरवार को विपक्ष के उपनेता आनंद शर्मा ने कसौली निर्वाचन क्षेत्र के धर्मपुर में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल के पक्ष में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने विदेशों में जाकर भारत के आत्मसम्मान को हमेशा ठेस पहुंचाई है। कभी बोलते थे कि भारत कटोरा लेकर दूसरे देशों में जाता था और कभी देश को भ्रष्टाचार की जननी बताया।
मोदी व शाह से देश की पहचान नही है। यह 130 करोड़ लोगों का तिरस्कार है व ऐसे लोगों का जो इस देश की पहचान है। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने बंगाल में 20 हजार गुंडों के साथ वहां का माहौल खराब किया, लेकिन चुनाव आयोग ने भाजपा पर कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. शांडिल पहले भी सांसद रहे और इनका काम बोलता है। 23 मई को कांग्रेस प्रदेश की चारों सीटों को जीतेगी व दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनेगी। इससे पहले प्रदेश महासचिव विनोद सुल्तानपुरी व कसौली कांग्रेस सोशल मिडिया प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने आनंद शर्मा, कुलदीप राठौर व डॉ. शांडिल को सम्मानित किया।
राठौर बोले, भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। कांग्रेस जो बोलती है वो करती है। डॉ. शांडिल ने कहा कि सांसद के रूप में पहले भी काम किया है और आगे सेवा का मौका मिलेगा तो जनता की आवाज को संसद में बुलंद करूंगा। कांग्रेस महासचिव विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि आज भाजपा मुद्दों पर चुनाव लड़ने की बजाये उससे भाग रही है। इस दौरान रमेश चौहान, कैलाश पराशर, जगमोहन मल्होत्रा, नमिता रोशनलाल, हरदीप बावा, युवा इंटक अध्यक्ष राहुल तनवर, अरविंद गुप्ता, सुरेंद्र सेठी, रोशन ठाकुर, अशोक मैसी, महेश गुप्ता, अजय सिंह कंवर, देवेंद्र शर्मा, एलविन मैसी, अमन सेठी, रोहित शर्मा व संजय ठाकुर आदि अनेकों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप