सोलन में अवैध अतिक्रमण पर चला प्रशासन का पीला पंजा, नेशनल हाईवे के किनारे से हटाई गई अवैध रेहड़ी
सोलन में जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है, जिसमें बाईपास से चंबाघाट तक राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे से अवैध रेहड़ी-फड़ी हटाई गई।

एनएच किनारे से हटाई अवैध रेहड़ी-फड़ी, अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त।
HighLights
सोलन में जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू की
राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे से अवैध रेहड़ी-फड़ी, कब्जे हटाए गए
1 से 3 सितंबर तक विशेष अभियान, लोग स्वयं अतिक्रमण हटाएं
संवाद सहयोगी, सोलन। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को एसडीएम नीरजा शर्मा की अध्यक्षता में प्रशासन की टीम ने सोलन बाईपास से चंबाघाट तक राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे से अवैध रेहड़ी-फड़ी और सरकारी जगह पर किए कब्जों को बैकहो लोडर की मदद से हटाया गया। टीम ने लोगों को सरकारी जमीन और सड़क किनारे की जगह खाली रखने के निर्देश भी दिए।
एसडीएम ने बताया कि यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत की जा रही है। सड़क और सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ आम लोगों को भी परेशानी होती है।
ऐसे में सरकारी जगह को अतिक्रमण से मुक्त करवाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि सोलन शहर में 1 से 3 सितंबर तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।
इस दौरान विभिन्न हिस्सों में सरकारी जगह पर किए कब्जों और अतिक्रमण को हटाया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों और दुकानदारों से अपील की है कि बाजार में जिन लोगों ने सरकारी जगह पर अतिक्रमण किया है, वे अभियान शुरू होने से पहले स्वयं खाली कर दें।
