World Radio Day 2020: टीवी के शोर के बीच एक आवाज आज भी है बुलंद
World Radio Day 2020 टीवी का शोर भले ही बुलंद है लेकिन रेडियो आज भी बेहतर सूचना का माध्यम बना हुआ है सोलन रेडियो एप के माध्यम से पूरी दुनिया में सुना जा सकता है।
सोलन, मनमोहन वशिष्ठ। World Radio Day 2020 टीवी के शोर में एक आवाज आज भी बुलंद है। बदलते दौर में रेडियो लोगों के लिए बेहतर सूचना का माध्यम बना हुआ है। मोबाइल फोन के जमाने में उसमें ही रेडियो सुनने को मिल जाता है। सोलन में पिछले दस साल से चल रहा सामुदायिक हमारा सोलन रेडियो करीब एक लाख लोगों को कार्यक्रमों के माध्यम से जोड़ रहा है।
सोलन रेडियो एप
इस पर किसानों-बागवानों से लेकर महिलाओं व वृद्धों व युवाओं के लिए रोचक जानकारियों वाले कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। ट्रांसमीटर के माध्यम से जहां हिमाचल के लोग रेडियो को 90.4 फ्रीक्वेंसी पर सुन सकते हैं वहीं हमारा सोलन रेडियो एप के माध्यम से दुनिया में इसे किसी भी देश में सुना जा सकता है। इस रेडियो के माध्यम से पांच-छह युवाओं को फुल टाइम जबकि आठ युवाओं को पार्ट-टाइम रोजगार मिला हुआ है। रेडियो के माध्यम से रेडियो जॉकी एंड प्रोडक्शन का कोर्स चलाता है और उसके माध्यम से युवाओं को इस रेडियों में सीखने का मंच मिल रहा है। हमारा सोलन रेडियो 90.4 फ्रीक्वेंसी पर ट्रांसमीटर के माध्यम से 15-20 किमी के दायरे में चलता है लेकिन जल्द ही इसकी रेंज बढ़ेगी जिससे अधिक लोगों तक इसकी रीच हो सके।
24 घंटे चलते हैं कार्यक्रम
रेडियो सुबह सात बजे से शुरू होता है व रात के नौ बजे तक ऑन एयर रहता है। एप के माध्यम से 24 घंटे कार्यक्रम चलते रहते है। इसमें सुबह भक्ति वंदना से शुरू होता है। उसके बाद एक ही मुलाकात कार्यक्रम में नामी हस्ती के साथ बातचीत रहती है। इतिहास में आज कार्यक्रम से दिवस विशेष के बारे में जानकारी मिलती है। महिलाओं के लिए मेरी सखी कार्यक्रम चलता है तो वरिष्ठ नागरिकों के लिए भूली बिसरी यादें कार्यक्रम में सोलन व अन्य जिलों के वृद्धों के साथ बातचीत चलती है।
इस रेडियो को 13 मार्च 2009 को शुरू किया था। आज एक लाख से अधिक इसके श्रोता हैं जबकि एप के माध्यम से देश विदेश के श्रोता इसको सुनते हैं और उनके कॉल भी आते हैं। सोलन जिला में देश के विभिन्न राज्यों व जिलों के लोगा रहते है इसलिए रेडियो पर बघाटी बोली के अलावा हिमाचल की विभिन्न बोलियों में भी कार्यक्रम चलते है।
-बीएस पंवार, निदेशक, सामुदायिक रेडियो, सोलन।
World Radio Day 2020: तकनीक बदली पर लोगों में आज भी कम नहीं हुआ रेडियो का क्रेज