प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य बनने की इच्छुक 343 महिलाएं
संतोष कुमार नालागढ़ ग्रामीण संसद के लिए विकास खंड नालागढ़ की 77 पंचायतों में होने जा र
संतोष कुमार, नालागढ़
ग्रामीण संसद के लिए विकास खंड नालागढ़ की 77 पंचायतों में होने जा रहे चुनाव में इस बार प्रधान, उपप्रधान व वार्ड सदस्य के लिए 343 महिलाएं चुनावी मैदान में डटी हुई हैं। इन्हीं पदों के लिए 653 पुरुष भी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। सभी प्रत्याशी मतदाताओं से संपर्क करने के लिए डोर-टू-डोर प्रचार अभियान को पूरी तरह से गति देकर मतदाताओं की नब्जें टटोल रहे हैं। तीन चरणों में 17, 19 और 21 जनवरी को होने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए विकास खंड नालागढ़ में 1032 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। यह चुने जा चुके हैं निर्विरोध प्रतिनिधि
विकास खंड नालागढ़ में 77 पंचायतों में 390 जन प्रतिनिधि निर्विरोध चुने गए हैं। इनमें दो पंचायत प्रधान, आठ उपप्रधान, सात बीडीसी सदस्य तथा 373 वार्ड सदस्य शामिल हैं। लेही पंचायत से कृष्णा देवी तथा रिया पंचायत से अनीता देवी को निर्विरोध प्रधान, करसौली पंचायत से चुंबेल, कश्मीरपुर से राजीव कुमार, लेही से दलेल चंद, गागूवाल से मेवा सिंह, गुल्लरवाला से पम्मी राम, डोली से रामलाल, हरिपुर संडोली से सुनीता तथा नंदपुर से संजीव कुमार को निर्विरोध उपप्रधान घोषित किया गया है। बीडीसी नालागढ़ के वार्ड-20 गुल्लरवाला से सोचां देवी, वार्ड-21 भटौलीकलां से पुष्पिंदर कौर, वार्ड-22 हरिपुर संडोली से चरणों, वार्ड-25 मानपुरा से सुरेंद्र सिंह, वार्ड-26 खेड़ा से असमाईल, वार्ड-27 किरपालपुर से रानो देवी व वार्ड-38 से बलवीर सिंह को निर्विरोध चुना गया है। इतने उम्मीदवार हैं मैदान में
अब प्रधान पद के लिए 150 पुरुष व 128 महिला उम्मीदवारों सहित 278, उपप्रधान के लिए 234 पुरुष व सात महिला उम्मीदवारों सहित कुल 241, वार्ड सदस्य के लिए 169 पुरुष और 208 महिला उम्मीदवारों सहित 377 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। बीडीसी के 40 वार्डो में से सात बीडीसी सदस्यों के निर्विरोध चयन के बाद 33 वार्डो से 106 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि जिला परिषद के सात वार्डो से 30 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। मतदान कर्मियों को दो चरणों का पूर्वाभ्यास करवा दिया है, जबकि 15 जनवरी को तृतीय चरण का अभ्यास करवाकर उन्हें मतदान सामग्री के साथ पोलिग बूथों के लिए रवाना कर दिया जाएगा।
मोहिद्र पाल गुर्जर, उपमंडल निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम नालागढ़।