नाहन की मारकंडा नदी में डूबने से युवक की मौत
नाहन विधानसभा क्षेत्र की मारकंडा नदी में रविवार दोपहर बाद नहाते ह
जागरण संवाददाता, नाहन : नाहन विधानसभा क्षेत्र की मारकंडा नदी में रविवार दोपहर बाद नहाते हुए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। नाहन पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। 24 वर्षीय सुष्मित सिंह ठाकुर पुत्र बलबीर सिंह ठाकुर निवासी रखानी, डाकघर शंभूवाला, तहसील नाहन अपने दोस्तों नितिन, मनीष, अमित, प्रवीण, हिमांशु (लगभग 24-26 वर्ष) और 30 वर्षीय संजय 30 के साथ पिकनिक मनाने व घूमने मारकंडा नदी में आया था।
दोपहर बाद सुमित अपने दोस्तों के साथ खजूरना पुल के समीप मारकंडा नदी में नहा रहा था अचानक डूब गया। सुमित काफी देर तक पानी से बाहर नहीं निकला तो उसके दोस्तों ने शोर मचाना शुरू किया तथा स्थानीय लोगों को इस बारे में जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने नाहन पुलिस को सूचित किया। नाहन से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फर्स्ट पैरा आर्मी की गोताखोर तथा पांवटा साहिब से गोताखोरों को मौके पर बुलाया।
एक घंटे के बाद सुमित का शव मारकंडा नदी से निकाला गया। सुमित को जब पानी से बाहर निकाला गया तो वह मर चुका था। नाहन पुलिस ने डा. वाइएस परमार मेडिकल कालेज में पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया। जिला प्रशासन की ओर से नाहन के तहसीलदार मायाराम शर्मा ने परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 20 हजार की सहायता राशि जारी की है। जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक ओमवती जमवाल ने मारकंडा नदी में युवक के डूबने से मौत की पुष्टि की है।
मारकंडा व यमुना नदी में पहले भी डूब चुके हैं कई युवक
नाहन उपमंडल के तहत आने वाली मारकंडा नदी में पिछले कई वर्षों में अब तक सैकड़ों युवक डूब चुके हैं। प्रशासन ने नदी में नहाने पर रोक भी लगाई है मगर फिर भी प्रतिवर्ष कई युवक नदी में नहाते हुए जान गंवा देते हैं। जिला सिरमौर में यमुना तथा मारकंडा नदी में कई लोगों के डूबने के मामले सामने आ चुके हैं।