विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में पति की जाने की खबर सुनते ही पत्नी ने भी तोड़ा दम, एक साथ उठीं दो अर्थियां; रो पड़ा पूरा गांव

Published: Mon, 12 Oct 2026 10:55 PM (IST)

सिरमौर के लगनू गांव में एक बुजुर्ग दंपति ने एक साथ दुनिया को अलविदा कहा। पति के निधन की खबर ...और पढ़ें

सिरमौर में अद्भुत प्रेम कहानी का अंत, पति की मौत के 15 मिनट बाद पत्नी ने भी त्यागे प्राण

सिरमौर में अद्भुत प्रेम कहानी का अंत, पति की मौत के 15 मिनट बाद पत्नी ने भी त्यागे प्राण

HighLights

  1. पति की मौत के सदमे से पत्नी का निधन।

  2. 15 मिनट के अंतराल पर दंपति ने त्यागे प्राण।

  3. एक साथ उठी अर्थियां, भावुक हुआ पूरा क्षेत्र।

जागरण संवाददाता, नाहन। जिला सिरमौर के संगड़ाह उपमंडल के लगनू गांव में जिंदगी भर सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ निभाने वाले दंपति की विदाई भी एक साथ हुई।

जिस जीवन साथी के साथ दशकों तक घर-परिवार की जिम्मेदारियां निभाईं, उसकी मौत की खबर ने पत्नी को ऐसा सदमा दिया कि करीब 15 मिनट बाद उसने भी दम तोड़ दिया। रविवार सायं हुई 78 वर्षीय मांगा राम व उनकी 70 वर्षीय पत्नी हरदेवी की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया।

मांगा राम कुछ दिनों से बीमार थे। हरदेवी दिनभर घर के कामकाज में लगी रहीं। जब उन्हें पति के अचेत होने की सूचना मिली तो वह उनके पास पहुंचीं। उन्होंने पति को पानी पिलाया।

उस समय उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि जिसके साथ उन्होंने जीवन का लंबा सफर तय किया, वह अब उनके बीच नहीं रहेगा। मौके पर मौजूद स्वजन व ग्रामीणों ने जब उन्हें बताया कि मांगा राम का निधन हो गया है तो वह यह सहन नहीं कर सकीं।

करीब 15 मिनट बाद वह कमरे से बाहर निकलीं तो उन्हें चक्कर आया और उनकी भी मौत हो गई। उम्र के इस पड़ाव में भी हरदेवी घर के सामान्य कामकाज कर लेती थीं। मांगा राम व हरदेवी किसान परिवार से संबंध रखते थे।

सोमवार को मांगा राम व हरदेवी की अर्थियां एक साथ उठीं और गिरि नदी के तट पर अंतिम संस्कार किया। दोनों की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मांगा राम व हरदेवी के दो बेटे, बहुएं व पोते-पोतियां हैं। जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने वाले दंपती की अंतिम विदाई ने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया।