हिमाचल की बेटी रितु नेगी को भी सुक्खू सरकार देगी एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि, BJP नेता बलदेव तोमर ने फैसले का किया स्वागत
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव सिंह तोमर ने भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्ण पदक विजेता रितु नेगी को हिमाचल सरकार ...और पढ़ें

हिमाचल की बेटी रितु नेगी को भी सुक्खू सरकार देगी एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि। फोटो जागरण
HighLights
बलदेव तोमर ने रितु नेगी को सम्मान राशि देने का स्वागत किया।
रितु नेगी भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्ण पदक विजेता हैं।
तोमर ने पहले रितु को सम्मान न मिलने का मुद्दा उठाया था।
जागरण संवाददाता, नाहन (सिरमौर)। भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्ण पदक विजेता एवं शिलाई की बेटी रितु नेगी के सम्मान का मुद्दा उठाने वाले भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर ने प्रदेश सरकार द्वारा ऋतु नेगी को भी एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि देने के निर्णय का स्वागत किया।
बलदेव सिंह तोमर ने कहा कि उन्होंने इस विषय को प्रमुखता से उठाते हुए मुख्यमंत्री से सवाल किया था कि भारतीय महिला कबड्डी टीम की पूर्व कप्तान एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाली हिमाचल की बेटी रितु नेगी को एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने वाली सूची में शामिल क्यों नहीं किया गया।
रितु नेगी ने हिमाचल को किया गौरवान्वित
उन्होंने कहा कि जब एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली अन्य हिमाचली खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि देने की घोषणा की गई, तब रितु नेगी का नाम सूची में शामिल न होना कई सवाल खड़े करता था। रितु नेगी ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और उपलब्धियों से देश तथा हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
बलदेव तोमर ने कहा कि रितु नेगी की उपलब्धियों का सम्मान करना हिमाचल की बेटी के संघर्ष, समर्पण और खेल के प्रति योगदान का सम्मान है। किसी खिलाड़ी का विवाह दूसरे राज्य में होने से उसकी जन्मभूमि और प्रदेश के लिए किए गए योगदान का महत्व कम नहीं हो जाता।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को उठाने का उद्देश्य किसी प्रकार की राजनीति करना नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रतिभाशाली बेटी को उसका उचित सम्मान दिलाने की मांग करना था।
खेल प्रतिभाओं के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
बलदेव सिंह तोमर ने कहा कि हिमाचल की बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सरकार को खिलाड़ियों की उपलब्धियों का सम्मान निष्पक्षता से करना चाहिए, ताकि प्रदेश की युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिले। रितु नेगी को सम्मान राशि देने का निर्णय प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
