सिरमौर में हाईवे पर पलटा पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर, वाहनों की कई किलोमीटर तक लगी कतारें; लीकेज के कारण दहशत
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पांवटा साहिब-शिलाई गुम्मा नेशनल हाईवे 707 पर तड़के एक पेट्रोल-डीजल टैंकर पलट गया, जिससे बड़वास में सड़क दोपहर तक बंद रही।
HighLights
पांवटा साहिब-शिलाई हाईवे पर तड़के पेट्रोल-डीजल टैंकर पलटा।
बड़वास में NH 707 दोपहर तक पूरी तरह बंद रहा।
यात्री घंटों फंसे, प्रशासन के खिलाफ लोगों ने प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश में जिला सिरमौर के पांवटा साहिब-शिलाई गुम्मा नेशनल हाईवे 707 पर तड़के सुबह करीब 3:30 बजे एक पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर पलट गया। इस कारण बड़वास में दोपहर तक हाईवे पूरी तरह से बंद रहा। दोनों तरफ कई किलोमीटर तक लंबी वाहनों की कतारें लग गईं। तेल की लीकेज के कारण लोगों में दहशत का माहौल है।
बड़ी मुश्किल से छोटे वाहन थोड़ी सी जगह से निकल पाए। दोपहर तक भी जिला प्रशासन, नेशनल हाईवे नाहन मंडल तथा ऑयल टैंकर मलिक ने रोड बहाल करने के लिए कोई प्रयास नहीं किया। अस्पताल व अन्य जरूरी काम से जाने वाले लोग भी फंसे हुए हैं।
बड़े वाहन जाम में फंसे
शिलाई से सोलन शिमला पांवटा साहिब व नाहन जाने वाले लोग तथा पांवटा साहिब से शिलाई, कफोटा, उत्तराखंड व शिमला को जाने वाले बड़े वाहन, बस, ट्रक सभी पिछले 8 घंटे से जाम में फंसे हैं।
लोगों का प्रदर्शन
जिला सिरमौर के समाजसेवी नाथूराम चौहान ने बताया कि न प्रशासन सुन रहा है, न नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी सुन रहे हैं। लोग पिछले 8 घंटे से बड़वास में जाम में फंसे हुए हैं। वहीं स्थानीय लोग प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने लग पड़े हैं।
उधर, एसडीएम शिलाई जसपाल ने बताया कि सड़क बहाल करने के लिए क्रेन मौके पर पहुंच गई है, कुछ देर में यातायात बहाल हो जाएगा।
