सिरमौर में भारी बारिश से जनजीवन बेहाल, चबाहां में एनएच 907ए पर आया भारी मलबा; थम गया ट्रैफिक
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में भारी बारिश के कारण सड़कों पर मलबा आने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। ...और पढ़ें
HighLights
सिरमौर में भारी बारिश से सड़कें बाधित, यातायात प्रभावित हुआ।
NH 907A पर मलबा आने से दो घंटे यातायात रुका।
कांदल घाट भूस्खलन से ददाहू-बेचड़ का बाग सड़क बंद।
जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में वीरवार को भारी बारिश के कारण सड़कों पर पानी और मलबा आने से यातायात प्रभावित हो गया। नाहन कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग 907ए पर चबाहां के समीप सड़क पर मलबा और पानी आने से दो घंटे के लिए वाहनों की रफ्तार थम गई। इस कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। जिसके चलते कई किलोमीटर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया।
वहीं, बेचड़ का बाग के समीप कांदल घाट में भूस्खलन होने से ददाहू-बेचड़ का बाग सड़क भी बंद हो गई। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर गिरने के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही।
अन्य जगह भी सड़क पर आया मलबा
सिरमौर जिला में लगातार हो रही बारिश के चलते जिले के अन्य हिस्सों में भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी और मलबा आने के कारण वाहन चालकों को बेहद सावधानी के साथ सफर करना पड़ा। बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है।
अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह
प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से प्रभावित मार्गों को बहाल करने के लिए कार्रवाई की जा रही है, जबकि बारिश का दौर जारी रहने के कारण लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील मार्गों पर सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।
भारी बारिश ने मुश्किल की मार्ग बहाली
सूचना मिलते हैं नेशनल हाईवे नाहन मंडल में मौके पर मशीन भेज दी। मगर भारी बारिश के चलते सड़क बहाल करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एक तरफ पहाड़ी से मालबा गिर रहा था। तो दूसरी तरफ लगातार भारी बारिश जारी थी। जिस कारण हाईवे को बहाल करने में अधिक टाइम लगा।
उधर, नेशनल हाईवे नाहन मंडल के अधिशाषी अभियंता राकेश खंडूजा ने बताया कि हाईवे बहाल करने के लिए मशीन मौके पर भेज दी गई है।
