Sirmaur News: 18 जून से अब तक डेढ़ सौ करोड़ से अधिक का नुकसान, बारिश से जिला में भारी तबाही
जिला सिरमौर में लगातार बारिश से नुकसान बढ़ता जा रहा है। मानसून की शुरुआत से अब तक सरकारी विभागों और ग्रामीणों को 150 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। पिछले 24 घंटों में 3 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ जिसमें जलशक्ति विभाग को सबसे अधिक क्षति हुई क्योंकि कई पेयजल योजनाएं बाधित रहीं। लोक निर्माण विभाग की कई सड़कें भी बंद रहीं।

जागरण संवाददाता, नाहन। जिला सिरमौर में बारिश से लगातार हो रहे नुकसान का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। 18 जून से शुरू हुई मानसून से लेकर अब तक 150 करोड़ से अधिक का नुकसान जिला में सरकारी विभागों तथा ग्रामीणों को हो चुका है। पिछले 24 घंटे में जिला सिरमौर में 3 करोड़ 12 लाख 90 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
जलशक्ति विभाग की 66 पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं शुक्रवार को बारिश से बंद रही। जिससे कि विभाग को 2 करोड़ 56 लाख 20 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। वही लोक निर्माण विभाग की 79 सड़कें शुक्रवार को जिला में बंद रही। जिसमें से देर शाम तक 49 सड़कों को बहाल कर दिया गया। शेष सड़कों को शनिवार को बहाल किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त बारिश से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पबियाना तथा वासनी की रिटेनिंग वॉल से शिक्षा विभाग को 13 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों के पक्के घरों को भी बारिश से नुकसान हुआ है।
जिसमें शिलाई विधानसभा क्षेत्र के बेला निवासी कामों देवी को 2 लाख का नुकसान, बबलू राम चांडोग 25 हजार, रोशन लाल चांडोग 75 हजार व प्रेम दत्त चांडोग पच्छाद के पक्के मकान को 40 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों के कच्चे मकान में धर्म सिंह चांडोग को 20 हजार रुपए तथा सुरेश कुमार गुड्डी मानपुर को 80 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। किसानों की गौशालाओं को भी नुकसान पहुंचा है।
जिसमें शरली मानपुर गांव के रामकुमार की गौशाला को 30 हजार का नुकसान, मुकेश कुमार शिलांजी तहसील राजगढ़ 20 हजार रुपए का नुकसान, धर्म सिंह चांडोग को 10 हजार का नुकसान और शारदा देवी कालियो पाब को 20 हजार का नुकसान पहुंचा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।