हिमाचल: शिलाई जल शक्ति विभाग भर्ती में धांधली का आरोप, पूर्व विधायक ने उठाई विजिलेंस जांच की मांग
भाजपा प्रवक्ता बलदेव सिंह तोमर ने शिलाई में जल शक्ति विभाग की भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं और फर्जी मार्कशीट के इस्तेमाल पर सवाल उठाए हैं।

हिमाचल जल शक्ति विभाग (फाइल फोटो)
HighLights
पूर्व विधायक तोमर ने जल शक्ति भर्ती पर उठाए सवाल।
भर्ती में अनियमितता, फर्जी मार्कशीट के आरोप लगाए।
विजिलेंस जांच की मांग, आंदोलन की चेतावनी दी।
जागरण संवाददाता, पांवटा साहिब। जल शक्ति विभाग मंडल शिलाई में विभिन्न पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर ने सवाल उठाए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती के लिए 800 से अधिक युवाओं ने आवेदन किया था, लेकिन विभाग ने केवल 140 अभ्यर्थियों को ही साक्षात्कार के लिए बुलाया। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं और फर्जी मार्कशीट के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए मामले की विजिलेंस जांच करवाने की मांग की है।
तोमर ने कहा कि करवा चौथ के दिन प्रदेश में सरकारी अवकाश घोषित होने के बावजूद विभाग ने अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के एक नेता के निजी स्कूल की फर्जी मार्कशीट का इस्तेमाल भर्ती में किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की।
साथ ही चेतावनी दी कि जांच नहीं होने पर भाजपा कार्यकर्ता जल शक्ति विभाग के कार्यालय का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर इस भर्ती प्रक्रिया की जांच करवाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
