गीता में दिए उपदेश वर्तमान में अधिक प्रासंगिक : बिंदल
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोवार को जन्माष्टमी पर कालाअंब स्थित मंदिर में शीश नवाया।
जागरण संवाददाता, नाहन : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोवार को जन्माष्टमी पर कालाअंब स्थित श्रीकृष्ण कृपा मंदिर में शीश नवाया तथा राधा-कृष्ण की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लिया। इस मंदिर में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा वृंदावन के महामंडेश्वर स्वामी ज्ञानानंद ने की। हरियाणा सरकार के श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री नायब सैनी भी मौजूद रहे।
डॉ. बिंदल ने लोगों को कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई दी और कहा कि धार्मिक ग्रंथों के अनुसार द्वापर युग में भगवान कृष्ण ने अवतार लेकर धरती को दुष्टों के अत्याचारों से मुक्त करवाया था। गीता में भगवान कृष्ण द्वारा दिए गए उपदेश वर्तमान परिप्रेक्ष्य में लोगों को सदमार्ग और सद्भावना का ज्ञान देते हैं। गीता में कर्म को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई कि मनुष्य को अपना कर्म करना चाहिए और फल की इच्छा नहीं रखनी चाहिए। बताया कि त्रिलोकपुर स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर उत्तरी भारत के लोगों की आस्था का केंद्र बना है और यह मंदिर धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से बड़ी तेजी के साथ विकसित हो रहा है। श्रीकृष्ण कृपा मंदिर भी धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से पर्यटन मानचित्र पर दस्तक देगा। उन्होंने कहा कि कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क के सुधार का कार्य इसी माह शुरू किया जाएगा। श्रीकृष्ण कृपा मंदिर सेवा समिति के पदाधिकारी रमेश अरोड़ा, सुशील अरोड़ा, विनोद गोयल, पूर्व बीडीसी सदस्य यशपाल शर्मा आदि कार्यक्रम में मौजूद रहे।