रेखा तोमर बनीं नगर परिषद नाहन की अध्यक्ष
बुधवार को देश की दूसरी सबसे पुरानी नगर पालिका परिषद को सर्वसम्मति से नया अध्यक्ष मिल गया।
जागरण संवाददाता, नाहन : नगर परिषद नाहन में सर्वसम्मति से नए अध्यक्ष का चुनाव हुआ। बुधवार को भाजपा के ढाई-ढाई वर्ष के फार्मूले पर वार्ड चार की पार्षद रेखा तोमर नाहन नगर परिषद की अध्यक्ष बनीं। एसडीएम विवेक शर्मा की अध्यक्षता में बीजेपी समर्थित पार्षदों वाली नाहन नगर परिषद में रेखा तोमर के नाम पर सर्वसम्मति बनी। नगर परिषद में कुल 13 वार्डो में से बीजेपी के नौ पार्षद हैं, जबकि कांग्रेस समर्थित चार पार्षद हैं। 15 दिसंबर 2018 को अनीता शर्मा ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था, जबकि अनिता शर्मा का कार्यकाल जुलाई 2018 में पूरा हो चुका था। जीत के बाद अध्यक्ष पद के लिए चली जद्दोजहद के बाद अनीता शर्मा और रेखा तोमर के बीच उस समय डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में ढाई-ढाई वर्ष कार्यकाल का करार हुआ था। बुधवार को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने जाने के बाद रेखा तोमर ने कहा कि वह शहर की प्रगति के लिए सभी पार्षदों के साथ मिलकर कार्य करेंगी। शहर के विकास कार्यो में पार्षदों के साथ-साथ जनता का भी सहयोग लिया जाएगा। शहर को विकास की नई राह पर ले जाना उनकी प्राथमिकता है। पार्किंग समस्या को हल करवाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
चुनाव अधिकारी व एसडीएम विवेक शर्मा ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए एक ही नामाकंन आया, जिसके बाद सर्वसम्मति से चुनाव प्रकिया पूरी की। जल्द ही शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करवाया जाएगा।