अकाल अकादमी ने हासिल किया एक और कीर्तिमान
अपने अद्वितीय और मूल्य आधारित शिक्षा मॉडल के लिए कई पुरस्कार जीतने के बाद अकाल अकादमी स्कूलों की श्रृंखला ने देश के पांच बड़े राज्यों में नशे के खिलाफ देश की सबसे विशाल रैली आयोजित कर लिमका बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करवाया।
संवाद सूत्र, राजगढ़ : मूल्य आधारित शिक्षा मॉडल के लिए कई पुरस्कार जीतने के बाद अकाल अकादमी स्कूलों की श्रृंखला ने पांच बड़े राज्यों में नशे के खिलाफ विशाल रैली आयोजित कर लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाया। अकाल अकादमी के स्कूलों ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अकाल अकादमी स्कूलों के 15 हजार छात्रों ने नशा विरोधी जागरूकता अभियान रैली निकाली। रैली 18 दिसंबर 2017 को सभी पांच राज्यों की 113 अकाल अकादमी में हुई, जोकि चार लाख लोगों तक पहुंचने में सफल रही। कुल 1400 किलोमीटर की दूरी तय कर छात्र-छात्राओं ने गांव, शहर के हर प्रमुख चौराहों से गुजरते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया। अकाल अकादमी की प्रिंसिपल डॉ. नीलम कौर ने कहा कि हम खुश हैं कि अकाल अकादमी स्कूलों को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान मिला है। छात्रों द्वारा किया गया प्रयास सराहनीय है और हम आशा करते हैं कि इस तरह के प्रयास समाज के हर एक वर्ग द्वारा भारत को नशामुक्त बनाने के लिए किए जाएंगे।