महंगाई के खिलाफ नाहन में किया प्रदर्शन
जिला मुख्यालय नाहन में शुक्रवार को महंगाई भ्रष्टाचार एवं बेरोजगारी के खिलाफ वाम संगठनों ने नाहन बस स्टैंड में प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, नाहन : जिला मुख्यालय नाहन में शुक्रवार को महंगाई, भ्रष्टाचार एवं बेरोजगारी के विरोध में वाम संगठनों ने बस स्टैंड नाहन पर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में सीटू, किसान सभा, महिला जनवादी समिति सहित एसएफआइ के कार्यकर्ता नाहन बस स्टैंड पर एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सीटू जिला महासचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि महंगाई के विरोध में 10 से 25 नवंबर तक जिलाभर में कई बैठकें की गई। इस दौरान जनता को केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों सहित महंगाई के बारे में जागरूक किया गया।
नाहन में शुक्रवार को केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान केंद्र सरकार से मांग की गई कि पेट्रोल व डीजल पर केंद्रीय उत्पाद कर समाप्त किया जाए। गरीबों को प्रदान किया जाने वाला मुफ्त राशन की प्रणाली को समाप्त करने के निर्णय को वापस लिया जाए। सहकारी राशन डिपुओं में मिलने वाले राशन के दाम कम करने के साथ मनरेगा में लंबे समय से लंबित मजदूरों के भुगतान को जल्द करने और किसानों की फसल खरीद पर न्यूनतम मूल्य बिल संसद में पास करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा बिजली बिल विधेयक 2020 वापस लेने, पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार ने जिन 44 श्रम कानूनों को समाप्त कर उन्हें लेबर कोड 4 में बदलने का निर्णय लिया है, उसे भी वापस लिया जाए। इस दौरान संविधान दिवस के मौके पर देश के संविधान व लोकतंत्र को बचाने के लिए शपथ ली गई। इस मौके पर किसान सभा जिलाध्यक्ष रमेश वर्मा, राज्य महिला समिति की उपाध्यक्ष संतोष कपूर, किसान सभा से राजेंद्र चौहान, लाल सिंह, राम सिंह, बोबी, हीरा सिंह, कुब्जा देवी व राहुल मौजूद रहे।