हादसे का खौफनाक VIDEO: हिमाचल के पावंटा साहिब में युवती को कार ने मारी टक्कर, कई फीट उछलकर गिरी; हालत गंभीर
हिमाचल के पांवटा साहिब में एक कार ने साइकिल सवार 50 वर्षीय महिला को जोरदार टक्कर मार दी।
HighLights
पांवटा साहिब में कार ने साइकिल सवार महिला को टक्कर मारी
50 वर्षीय राधा कुमारी गंभीर रूप से घायल, देहरादून रेफर
टक्कर के बाद कार दुकान के शटर से टकराई, पुलिस जांच जारी
जागरण संवाददाता, नाहन। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब शहर के वाई-पॉइंट पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। HP 17 D 0240 नंबर की कार ने साइकिल पर जा रही 50 वर्षीय महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल महिला की पहचान 50 वर्षीय राधा कुमारी पुत्री हरदयाल चौधरी निवासी हिरपुर पांवटा साहिब के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला को टक्कर मारने के बाद कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सड़क किनारे स्थित एक दुकान के शटर से दो बार टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल राधा को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देहरादून रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। उधर जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने कार की टक्कर से महिला के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि की है।
