लोगों की समस्याएं उठाई, सरकार का नहीं मिला सहयोग
प्रदेश में भाजपा की सरकार को एक वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है।
विनय कुमार विधायक। श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक विनय कुमार का कहना है कि उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास किए हैं, लेकिन प्रदेश सरकार का सहयोग नहीं मिल रहा है। प्रदेश सरकार में केवल बदला-बदली का खेल चल रहा है। सरकार में सात माह में ही 19000 कर्मचारियों के तबादले किए हैं। श्रीरेणुकाजी के विधायक एवं पूर्व सीपीएस विनय कुमार का दावा है कि उन्होंने एक साल के कार्यकाल में विपक्ष का विधायक होने के बावजूद लोगों की समस्याएं हल करने का पूरा प्रयास किया। उनसे एक साल के कार्यकाल पर की बातचीत के मुख्य अंश।
---
-क्या आप एक साल के कार्यकाल से संतुष्ट हैं।
-विपक्ष का विधायक होने के बावजूद क्षेत्र में विकास कार्य करवाएं हैं। एक साल में लोगों की समस्याएं हल करने का प्रयास किया है, लेकिन सरकार का सहयोग नहीं मिला है। प्रदेश में केवल बदला-बदली का खेल चल रहा है।
-जो वादे किए थे, कितने पूरे हुए
-चुनाव के दौरान क्षेत्र की जनता से वादे किए थे, विपक्षी विधायक के नाते उनमें से कुछ वादे पूरे किए हैं
-कोई बड़ी योजना जो मंजूर करवाई
सरकार का सहयोग न मिलने के कारण एक वर्ष के दौरान श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में कोई भी बड़ी योजना मंजूर नहीं हुई।
-आम जनता से कब मिलते हैं।
अधिकतर समय क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहता हूं।
-विधानसभा में क्षेत्र के कितने मुद्दे उठाए
विधानसभा में श्रीरेणुकाजी बांध, वेटलैंड, सड़कों, स्वास्थ्य, पेयजल सहित अन्य समस्याओं को उठाया।
-खुद को 10 में से कितने नंबर देंगे।
एक वर्ष के कार्यकाल को लोगों की समस्याओं को उठाने के संदर्भ में 10 में से 10 अंक दूंगा
----------
विधायक का एक साल का कार्यकाल निराशाजनक बलबीर चौहान, भाजपा। विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे बलबीर चौहान ने विधायक के आरोपों को नकारा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने एक वर्ष में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। श्रीरेणकाजी विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में नाबार्ड व पीएमजीएसवाई के तहत कई सड़कों के लिए 100 करोड़ की राशि स्वीकृत करवाई है। वहीं कहा कि विधायक लोगों की समस्याएं उठाने में विफल हुए हैं। विधायक स्तर पर कोई योजना क्षेत्र में शुरू नहीं कर पाए हैं। विधायक के एक साल के कार्यकाल पर उनसे की बातचीत के अंश।
-विधायक के एक साल के कार्यकाल से संतुष्ट हैं
श्रीरेणुकाजी के विधायक विनय कुमार के कार्यकाल से बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं हूं। विनय कुमार की विधायक निधि का भी कोई अता-पता नहीं है। विधायक निधि खर्च भी की या नहीं।
-जो वादे किए थे, कितने पूरे हुए
श्रीरेणुकाजी की जनता ने विनय कुमार को दूसरी बार विधायक चुना। मगर विधायक अधिकतर शिमला व बाहर ही रहते हैं। श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में तो नजर ही नहीं आते। कोई भी वादा पूरा नहीं किया।
-कोई नई योजना क्षेत्र में शुरू हुई
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के लिए नाबार्ड व पीएमजीएसवाई के तहत सड़कों के लिए 100 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है।
-क्या विधायक आम लोगों के बीच आते हैं
विधायक ज्यादा समय बाहर रहते हैं। उन्हें लोगों के बीच जाने का समय ही नहीं मिलता।
-विधानसभा में क्षेत्र की आवाज गूंजी
विधायक विनय कुमार क्षेत्र के लोगों की आवाज को विधानसभा में उठाने में पूरी तरह नाकाम रहे हैं।
-विधायक को 10 में से कितने नंबर देंगे।
विधायक को उनके कामों के प्रति दो नंबर दिए जा सकते हैं।
-राजन पुंडीर, नाहन :