विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्रों में शुरू होंगे रोजगार ब्यूरो, युवाओं को मिलेंगे बेहतर विकल्प; लघु उद्योग भारती की पहल

By Neha Sharma Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 23 Aug 2026 03:40 PM (IST)

लघु उद्योग भारती हिमाचल प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार ब्यूरो स्थापित करेगी। इससे उद्योगों को योग्य कर्मचारी और ...और पढ़ें

लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी कालाअंब में बैठक के दौरान।

लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी कालाअंब में बैठक के दौरान।

HighLights

  1. लघु उद्योग भारती हिमाचल में रोजगार ब्यूरो स्थापित करेगी।

  2. बद्दी, परवाणू, कालाअंब में योग्य कर्मचारियों को मिलेगा रोजगार।

  3. कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क, इंटर स्टेट बैरियर पर भी चर्चा।

जागरण संवाददाता, नाहन। लघु उद्योग भारती हिमाचल प्रदेश रोजगार ब्यूरो स्थापित करेगी। प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक जिला सिरमौर के कालाअंब में हुई। कालाअंब इकाई के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी ने बताया कि बैठक में प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार ब्यूरो शुरू करने, कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क की खराब स्थिति, इंटर स्टेट बैरियर सहित उद्योगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। संगठन ने बद्दी, परवाणू और कालाअंब समेत प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार ब्यूरो शुरू करने का निर्णय लिया है। 

बैठक प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन की अध्यक्षता में हुई। प्रदेश महामंत्री अश्वनी गर्ग, कोषाध्यक्ष अजय सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारिणी से नवीन, बरोटीवाला इकाई के अध्यक्ष संजीव, हेमंत कौशल सहित प्रदेश की विभिन्न इकाइयों के अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों ने बैठक में अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई।

बैठक में जिला सिरमौर के नवनियुक्त एएसपी नरेंद्र सिंह भी पहुंचे। लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने उन्हें संगठन की ओर से पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया गया।

रोजगार ब्यूरो के जरिए उद्योगों को मिलेंगे योग्य कर्मचारी

प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन ने कहा कि उद्योगों और युवाओं के हित में प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार ब्यूरो शुरू किए जाएंगे। बद्दी, परवाणू और कालाअंब समेत अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में लघु उद्योग भारती के बैनर तले यह व्यवस्था शुरू करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि कई बार उद्योगों को अपनी जरूरत और क्षमता के अनुरूप योग्य कर्मचारी नहीं मिल पाते। रोजगार ब्यूरो के माध्यम से उद्योगों की आवश्यकता के अनुसार योग्य एवं सक्षम कर्मचारियों को उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ उद्योगों को भी आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा।

कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क और इंटर स्टेट बैरियर का मुद्दा भी उठा

कालाअंब इकाई के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी ने बैठक में कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा सड़क का मामला लंबे समय से लंबित है और इसके समाधान को लेकर प्रक्रिया जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही सड़क की समस्या का समाधान होगा, जिससे उद्योगों और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने हिमाचल व हरियाणा सीमा पर कालाअंब स्थित इंटर स्टेट बैरियर का मुद्दा भी प्रदेश कार्यकारिणी के समक्ष रखा।

उन्होंने कहा कि यह हिमाचल में प्रवेश का महत्वपूर्ण बिंदु है और बैरियर से जुड़ी व्यवस्थाओं के कारण औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। 

उद्यमियों के हितों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा 

बैठक में इन मुद्दों के अलावा इनपुट टैक्स और आउटपुट टैक्स में अंतर, औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी अन्य समस्याओं, संगठन के विस्तार तथा उद्यमियों के हितों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन ने कालाअंब इकाई द्वारा बैठक के आयोजन की सराहना की और कहा कि संगठन उद्योगों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाता रहेगा।

कालाअंब कार्यकारिणी का विस्तार

बैठक के दौरान कालाअंब इकाई की कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया। रितेश अग्रवाल को महासचिव, विक्रम चिकारा को उपाध्यक्ष तथा विकास जटियान, सचिन सोलंकी और अंकुश क्लारे को संयुक्त सचिव बनाया गया। अमन दुग्गल को संयुक्त सचिव एवं मीडिया सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

यह भी पढ़ें: हिमाचल की मछली को अलग ब्रांड के नाम से बेचने की तैयारी, ट्राउट से होगी शुरुआत; हिमालयन फिश नाम का सुझाव