सिरमौर और कांगड़ा जिला को मिलेगा सम्मान
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के सफल कार्यान्वयन के लिए भारत सर
जागरण संवाददाता, नाहन : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के सफल कार्यान्वयन के लिए भारत सरकार की ओर से सिरमौर और कांगड़ा जिला को सम्मानित किया जाएगा। 24 फरवरी को दिल्ली स्थित पूसा कैंपस में जिला प्रशासन को पुरस्कृत किया जाएगा।
उपायुक्त सिरमौर डा. आरके परुथी ने बताया कि जिला सिरमौर को शिकायत निवारण श्रेणी में बेहतर कार्यान्वयन के लिए चयन किया गया है। इस पुरस्कार के लिए भारत सरकार की ओर से तीन मुख्य मापदंड बनाए गए थे, जिनमें अधिकांश आधार प्रमाणीकरण, शिकायत निवारण व भौतिक सत्यापन शामिल है। वहीं, भौतिक सत्यापन श्रेणी में कांगड़ा जिला चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पोर्टल पर फार्मर कॉर्नर किसानों के लिए हेल्प डेस्क का मॉडयूल दिया गया है। जिला में गत एक वर्ष में करीब 97 शिकायतें किसानों की ओर से दर्ज की गई थीं, जिनका समाधान कर दिया गया है।
सिरमौर में अभी तक कुल 59,430 किसान इस योजना का लाभ उठा रहे हैं। किसानों को 35 करोड़ से अधिक की सम्मान राशि आवंटित की जा चुकी है, जबकि शिकायत निवारण श्रेणी में उत्तर पूर्वी पहाड़ी राज्यों में जिला सिरमौर व उत्तराखंड के नैनीताल को इस श्रेणी में बेहतर कार्य करने के लिए पुरस्कार मिलेगा। जिला सिरमौर के अतिरिक्त अधिकांश आधार प्रमाणीकरण के लिए रूपनगर पंजाब, कुरुक्षेत्र हरियाणा, बिलासपुर छतीसगढ़, उत्तर पूर्वी पहाड़ी राज्यों में हिमाचल के लाहुल-स्पीति व उत्तराखंड के उदमसिंह नगर का चयन किया गया है। शिकायत निवारण श्रेणी में महाराष्ट्र के पुणे गुजरात के दोहाद, आंध्र प्रदेश के नेलौर व भौतिक सत्यापन श्रेणी में महाराष्ट्र के अहमदनगर, आंध्र प्रदेश व उत्तर पूर्वी पहाड़ी राज्यों में कांगड़ा के अलावा उत्तराखंड के देहरादून जिलों का चयन किया गया है।