'20 घंटे पहले हो गई थी प्रारब्ध की मौत', IIM सिरमौर पर पिता और चाचा के गंभीर आरोप; पुलिस को सौंपी शिकायत
आईआईएम सिरमौर के छात्र प्रारब्ध शुक्ला की आत्महत्या के बाद परिजनों ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता अनुपम ...और पढ़ें

प्रारब्ध के अंतिम संस्कार के बाद उसके पिता व चाचा।
HighLights
आईआईएम सिरमौर छात्र प्रारब्ध शुक्ला ने की आत्महत्या।
परिजनों ने प्रबंधन पर लापरवाही और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया।
पिता ने कहा, समय पर सूचना मिलती तो बच्चा जीवित होता।
जागरण संवाददाता, नाहन। आईआईएम सिरमौर के छात्र प्रारब्ध शुक्ला की ओर से शुक्रवार को की गई आत्महत्या के बाद शनिवार को पुलिस ने परिजनों के सामने सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में पोस्टमार्टम करवाकर शव अंतिम संस्कार के लिए स्वजन को सौंप दिया। स्वजन ने पांवटा साहिब के स्वर्ग धाम में घर के इकलौते बेटे प्रारब्ध शुक्ला का अंतिम संस्कार किया।
मध्य प्रदेश के जबलपुर से पांवटा साहिब पहुंचे परिजनों ने अंतिम संस्कार के बाद पिता अनुपम शुक्ला तथा चाचा श्याम शुक्ला (आईआईएम लखनऊ से पास आउट) ने आईआईएम सिरमौर प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रारब्ध के पिता ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद उन्हें जानकारी मिली है कि प्रारब्ध ने दो दिन पहले चाकू से अपना हाथ भी काट लिया था। उसकी मृत्यु करीब 20 घंटे पहले हुई थी। आखिर क्यों प्रबंधन ने उसके हॉस्टल की जांच नहीं की, क्यों नहीं देखा कि वह पेपर देने भी नहीं गया। आखिर किसकी लापरवाही से प्रारब्ध ने अपनी जान ली।
तो आज जीवित होता हमारा इकलौता बच्चा
अनुपम शुक्ला तथा श्याम शुक्ला ने पांवटा साहिब में मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि यदि आईआईएम सिरमौर प्रबंधन ने समय पर सूचना दी होती, तो उनका इकलौता बच्चा आज जीवित होता। प्रारब्ध पिछले तीन दिनों से परिजनों के फोन नहीं उठा रहा था। जिस कारण पिता ने उसके हॉस्टल के वार्डन को शुक्रवार को फोन किया। जिसके बाद उन्हें हादसे की जानकारी दी गई।
दुर्व्यवहार से डिप्रेशन में गया प्रारब्ध
पिता अनुपम शुक्ला तथा चाचा श्याम शुक्ला ने बताया कि वर्ष 2024 में जब वह आईआईएम सिरमौर में आया था, तो वह पूरी तरह सेहतमंद था। आरोप है कि आईआईएम के छात्रों व स्टाफ ने उसके साथ ठीक व्यवहार नहीं किया। जब उसने आईआईएम के छात्रों द्वारा किए जा रहे व्यवहार की शिकायत प्रबंधन से की तो उसे पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते प्रारब्ध डिप्रेशन में चला गया। इस पूरे मामले की जानकारी पीएमओ को भी भेजेंगे।
संस्थान के खिलाफ शिकायत
पिता अनुपम शुक्ला तथा चाचा श्याम जी शुक्ला ने बताया कि वह आईआईएम प्रबंधन के खिलाफ अलग से एक ओर शिकायत दर्ज करवाई है।
संस्थान परिवार के साथ खड़ा : निदेशक
आईआईएम सिरमौर के निदेशक डॉ. प्रफुल्ल अग्निहोत्री का कहना है कि संस्थान ने अपना एक छात्र खोया है, वह दुख की घड़ी में परिजनों के साथ खड़े हैं। इस घटना के पूरे मामले की जांच की जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
