सिरमौर में भारी बारिश से फसलें तबाह, सड़कें बंद
जिला सिरमौर में रात से जारी भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। जगह-जगह भूस्खलन होने से कई मार्ग पर यातायात ठप हो गया है। शिमला-नाहन मार्ग पर आधा घंटा तक यातायात बाधित रहा।
जेएनएन, नाहन।
जिला सिरमौर में रात से जारी भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। जगह-जगह भूस्खलन होने से जिला के कई मार्ग पर यातायात ठप हो गया है। शिमला-नाहन राष्ट्रीय राजमार्ग पर आधा घंटा तक यातायात बाधित रहा। लाडू से दोसड़का के बीच भी आधा घंटा आवाजाही ठप रही।
पावंटा साहिब में भारी बारिश से फसलों को भी नुकसान हुआ है। धान व मक्की की फसल खेतों में ही बिछ गई है। वहीं गुलाबगढ़ क्षेत्र में सैकड़ों बीघा क्षेत्र में फसलें तबाह हो गई हैं। नदी नालों का पानी खेतों में घुसने से नुकसान हुआ है।
एसडीएम पावंटा साहिब एचएस राणा ने कहा कि नुकसान का आकलन कर राहत कार्य शुरू किया जाएगा।