नौ बीघा आठ बिस्वा वन भूमि से हटाया कब्जा
पावटा व गिरिनगर वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध कब्जों को हटाया
जागरण संवाददाता, नाहन : पावटा व गिरिनगर वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध कब्जों को हटाया है। पावटा वन मंडल के तहत छछेती रेंज के गातु-धातु बीट में वन विभाग ने नौ बीघा आठ बिस्वा वन्य भूमि से अवैध कब्जा हटाया। विभाग ने कार्रवाई से पहले कब्जाधारी को नोटिस दिया था। इसके बाद वन विभाग ने उच्च न्यायालय के आदेशानुसार छछेती रेंज के गातु बीट में पुलिस, लोक निर्माण विभाग व राजस्व विभाग के साथ मिलकर कार्रवाई की। यहां टेकराम निवासी गातू से कब्जा छुड़ाया। वन विभाग ने एक मकान को जेसीबी से गिराया। 120 नींबू और केले के पेड़ों की लॉपिंग की गई। इस कार्रवाई के दौरान डीएफओ पावटा कुनाल अंग्रीश, बीओ दिनेश कुमार, रतन सिंह, ज्ञान सिंह, बलिराम, वनरक्षक नदीम सहित छछेती ग्राम पंचायत प्रधान सतपाल ठाकुर मौजूद रहे।