सभी शिक्षण संस्थानों में मनाई जाएगी डॉ. परमार जयंती
हिमाचल प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में अगले वर्ष से हिमाचल प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ यशवंत सिंह परमार का जन्म दिवस मनाया जाएगा।
जागरण संवाददाता, नाहन : हिमाचल के सभी शिक्षण संस्थानों में अगले वर्ष से प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार का जन्म दिवस मनाया जाएगा। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने यह बात सिरमौर जिले के सराहां में आयोजित तीन दिवसीय राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेले के समापन पर कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल निर्माता डॉ. परमार के जन्मदिन को प्रदेश बहुत ने बड़े आयोजन के तौर पर मनाया। उन्होंने बताया कि जल्द ही 1374 शिक्षकों के पद भरे जाएंगे। सांसद सुरेश कश्यप के आग्रह पर शिक्षा मंत्री ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में एक दर्जन स्कूलों के भवन निर्माण, विज्ञान ब्लॉक के निर्माण समेत अधूरे भवन निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 10-10 लाख रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (कन्या) सराहां में अगले सत्र से वाणिज्य की कक्षाएं शुरू करने का भी एलान किया। इस मौके पर सांसद सुरेश कश्यप और राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी ने पच्छाद के चहुंमुखी विकास के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर दून हलके के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, सोलन जिला भाजपा अध्यक्ष केएल ठाकुर, उपाध्यक्ष राज्य जल बोर्ड दर्शन सिंह सैनी, एसडीएम रामेश्वर दास, सराहां पंचायत प्रधान नरेंद्र गोसाई के अलावा विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।