उपायुक्त बोले, किसान अपनाएं प्राकृतिक खेती
विश्व खाद दिवस पर कृषि विभाग सिरमौर की ओर से स्वस्थ कल के लिए सुरक्षित भोजन पर आधारित थीम पर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
जागरण संवाददाता, नाहन : विश्व खाद दिवस पर कृषि विभाग सिरमौर की ओर से स्वस्थ कल के लिए सुरक्षित भोजन पर आधारित थीम पर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें जिले के सभी विकास खंडों के 80 से अधिक किसानों व स्वयं सहायता समूह के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उपायुक्त राम कुमार गौतम ने जिले के किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने की अपील की, ताकि लोगों को कीटनाशक मुक्त भोजन के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने जिलावासियों से पौष्टिक व रसायनमुक्त भोजन करने की अपील की है। इसके अलावा संतुलित आहार लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में 5929 किसान प्राकृतिक खेती को अपना चुके हैं। जबकि विभाग की ओर से 15672 लोगों को प्राकृतिक खेती करने का प्रशिक्षण दिया गया है। किसानों ने उपायुक्त को प्राकृतिक खेती में पेश आ रही समस्याओं से अवगत करवाया। राजगढ़ के देवेंद्र सिंह, शिलाई के दलीप सिंह, पांवटा विकास खंड के रंजीत सिह, नाहन नेर स्वार की जयवंती देवी, पच्छाद के पूर्ण चंद ने प्राकृतिक खेती में मुख्यत: विपणन संबंधी समस्याओं के बारे में अवगत करवाया।
इस मौके पर कृषि उपनिदेशक सिरमौर राजेंद्र सिंह ठाकुर ने कार्यशाला में उपस्थित किसानों को विभाग द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त लोगों को प्राकृतिक खेती अपनाने, भोजन में संतुलित आहार लेने और भोजन में अधिक से अधिक मोटे अनाजों का इस्तेमाल करने के बारे में जागरूक किया। कार्यशाला में कृषि विभाग व स्वयं सहायता समूह द्वारा लोगों को जागरूक करने के लिए प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अवलोकन उपायुक्त द्वारा किया गया। कार्यशाला में अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विभाग जेसी शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा सहित विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।