दीनदयाल वर्मा ने लोकसभा चुनाव के लिए मांगा टिकट
नाहन विधानसभा क्षेत्र से विस चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले नाहन भाजपा मंडल के अध्यक्ष दीनदयाल वर्मा ने लोकसभा चुनाव के लिए अपनी दावेदारी ठोक दी है।
नाहन, जेएनएन। नाहन भाजपा मंडल के अध्यक्ष दीनदयाल वर्मा ने लोकसभा चुनाव के लिए अपनी दावेदारी ठोक दी है। दीनदयाल वर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती व प्रदेश भाजपा संगठन मंत्री पवन राणा को पत्र लिखकर चुनाव में प्रत्याशी बनाने की मांग की है।
भाजपा हाईकमान को लिखे पत्र में नाहन भाजपा मंडल के अध्यक्ष दीनदयाल वर्मा ने शिमला संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर सिरमौर से दावेदारी जताई है। हाईकमान को भेजे गए पत्र में दीनदयाल वर्मा ने भारतीय जन संघ में 1972 से जुड़ने के बाद से आज तक का अपनी सेवाओं का जिक्र किया है। वर्मा अखिल भारतीय कोली समाज हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व प्रधान रहे हैं। दीनदयाल वर्मा डॉ. राजीव ¨बदल के करीबियों में से एक माने जाते हैं। जिला सिरमौर में तीन निर्वाचन क्षेत्र पच्छाद, श्रीरेणुकाजी और नाहन ऐसे हैं, जहां कोली बिरादरी के मत अन्य जातियों की अपेक्षा अधिक हैं। भाजपा व कांग्रेस ने कभी भी जिला सिरमौर से लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी नहीं उतारा है।