2019 का चुनाव जिताना, राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना ही एकमात्र लक्ष्य : कुलदीप राठौर
कुलदीप राठौर में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को को निर्देश दिया कि वह जमीनी स्तर पर प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं को संगठित करें।
नाहन, जेएनएन। जिला सिरमौर में पिछले एक दशक से लगातार विधानसभा चुनाव में हार रही कांग्रेस पार्टी पार्टी को फिर से मजबूत बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कार्यकर्ताओं जमीनी स्तर पर काम करने के लिए निर्देश दिए। कुलदीप राठौर अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सोमवार देर शाम को नाहन पहुंचे थे। मंगलवार को नाहन कांग्रेस भवन में उन्होंने जिला के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन में यह स्थिति हो गई है कि मंच पर बैठने वालों की संख्या बहुत ज्यादा और कार्यकर्ताओं की संख्या कम हो गई है। जिसके चलते संगठन में बदलाव बहुत आवश्यक हो गया है।
संगठन में जहां पर भी आवश्यकता होगी, बदलाव किए जाएंगे। अभी 2019 का चुनाव लक्ष्य है, 2022 के विधानसभा चुनाव में चुनाव लडऩे की कोई मंशा नहीं है। 2019 का चुनाव राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए जिताना है। कुलदीप राठौर में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को को निर्देश दिया कि वह जमीनी स्तर पर प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं को संगठन करें। यदि वह संगठन की जिम्मेवारी उठाने में सक्षम नहीं है, तो वह अपना पद छोड़ सकते हैं। बहुत से कार्यकर्ता हैं, जिन्हें संगठन में काम करने का मौका नहीं मिला, मगर वह संगठन के लिए काम करना चाहते हैं और ऐसे ही लोगों को संगठन में काम करने का मौका दिया जाएगा। जो जमीनी स्तर पर संगठन के लिए काम करेंगे।
लोकसभा चुनाव के बाद संगठन में बड़ा फेरबदल होगा और संगठन में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को ही मौका दिया जाएगा। कुलदीप राठौर में कहा की जब उन्होंने अध्यक्ष का कार्यभार संभाला, तो शिमला में कार्यकर्ताओं का भारी जनसैलाब उमड़ा, उसके बाद जब पार्टी कार्यालय पहुंचे। तो कुछ लोगों ने नारे लगाने शुरू कर दिया। उसके साथ ही एक दूसरे धड़े ने वहां पर कुर्सियां बरसानी शुरू कर दी। जिसके चलते प्रदेश में अगले दिन यह चर्चा होनी थी कि कांग्रेस की जनसभा में भारी जनसैलाब उमड़ा था। मगर दूसरे दिन प्रदेश में यह चर्चा थी कि कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़े। उन्होंने कहा कि मुझे ऐसी पार्टी का सेनापति बना दिया गया है जिसे यह नहीं पता कि उसके कार्यकर्ता सामने विपक्षी से लड़ेंगे या आपस में लड़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का खजाना खाली है, मगर इसके लिए प्रयास किए जाएंगे।
कुलदीप राठौर ने सख्त लहजे में कार्यकर्ताओं को चेताया की कार्यकर्ताओं की जो भी समस्याएं हैं। उनसे पार्टी कार्यालय में या निजी तौर पर मिल कर रख सकते हैं। अगर किसी ने मीडिया में जाकर कोई भी बयान बाजी की, या कोई भी आरोप प्रत्यारोप लगाया तो उसके खिलाफ निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी।