जनमंच कार्यक्रम का जनता को नहीं मिल रहा लाभ
जागरण संवाददाता, नाहन : प्रदेश भाजपा सरकार द्वारा शुरू किए गए जनमंच कार्यक्रम का जनता को क
जागरण संवाददाता, नाहन : प्रदेश भाजपा सरकार द्वारा शुरू किए गए जनमंच कार्यक्रम का जनता को कोई खास लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस कार्यक्रम में लोगों को धक्कों के आलावा कुछ हासिल नहीं हो रहा है। लोगों की समस्याएं जस की तस हैं। प्रदेश भाजपा सरकार का यह कार्यक्रम फ्लॉप शो बनकर रह गया है। शुक्रवार को जारी बयान में काग्रेस के प्रदेश सचिव अनिंदर सिंह नौटी ने कहा कि यह कार्यक्रम पूर्व काग्रेस द्वारा 'प्रशासन जनता के द्वार' नाम से शुरू किया गया था, जिसको अब भाजपा सरकार ने जनमंच का नाम दे दिया है। उन्होंने कहा कि नाम बदलने से कुछ नहीं होता क्योंकि अभी तक के आयोजित भगाणी व माजरा में जनमंच कार्यक्रम में लोगों को धक्कों व परेशानी के आलावा कुछ हासिल नहीं हुआ है। भाजपा सरकार का यह कार्यक्त्रम लोगों की समस्याओं का निदान करने में पूरी तरह विफल हो रहा है। क्योंकि जनता को न तो कोई स्पष्ट रूप से इसके लिए समझाया गया है न ही अधिकारियों को समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र लेने के कोई मापदंड दिए गए हैं। इसके चलते जनता में पूर्णता एक भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। डिजिटल इंडिया के नाम पर समस्याओं को ऑनलाइन रजिस्टर करने की व्यवस्था की गई है जो मात्र एक दिखावा है। भंगानी में हुए पहले जनमंच में लगभग 1900 लोगों की समस्याएं दर्ज की गई। जबकि इनमें से मात्र दो सौ की ही सुनवाई जनमंच में हो पाई। इनमें से भी आगे मात्र 24 समस्याओं का ही निस्तारण विभागो द्वारा हो पाया है। यही स्थिति माजरा में आयोजित दूसरे जनमंच के दौरान रही, जिसमें शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने अध्यक्षता की थी वहा पर भी अव्यवस्था का ही आलम रहा और जनता धक्के खाने को मजबूर रही।