पच्छाद के विकास के लिए भाजपा का साथ दें : जयराम
पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के सराहां में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि वह पार्टी प्रत्याशी के चयन से बचे।
जागरण संवाददाता, नाहन : पच्छाद हलके के सराहां में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि वह विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी के चयन से बचें। प्रत्याशी का निर्णय हाईकमान करेगा। पार्टी हाईकमान जिसे भी प्रत्याशी बनाएगा, उसके लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करें। कार्यकर्ता कांग्रेस की क्षेत्रवाद व बांटने की राजनीति से बचें और जमीन स्तर पर कार्य करें। डेढ़ साल में उन्होंने पच्छाद के विकास में कोई कमी नहीं रखी है। जिला सिरमौर का यह उनका दसवां और पच्छाद का चौथा दौरा है। इस दौरान क्षेत्र के लोगों की जो समस्याएं बताई, उन्हें दूर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहां की उपचुनाव में वह भाजपा का साथ दें, ताकि क्षेत्र का विकास लगातार जारी रहे।
इससे पहले पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि उपचुनाव में पच्छाद के लोग कोई गलती नहीं करेंगे। लोकसभा चुनाव की तरह भाजपा के प्रत्याशी को जीतना है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिदल ने भी पच्छाद से भाजपा प्रत्याशी को जिताने का आग्रह किया। कई लोगों ने थामा भाजपा का दामन
सराहां की जनसभा में मुख्यमंत्री के समक्ष कई लोगों ने भाजपा का दामन थामा। इनमें काटली पंचायत की प्रधान मीरा देवी, धार टिकरी पंचायत प्रधान मदन, धार टिकरी निवासी नीटू, प्रेमपाल, इंदिरा देवी व पोघाट के पारस शर्मा शमिल रहे। जिला परिषद सदस्य को नहीं मिली मंच पर जगह
मुख्यमंत्री की जनसभा में तीन बार की जिला परिषद सदस्य दयाल प्यारी को मंच पर जगह नहीं मिली। लोकसभा चुनाव में प्रचार के दौरान इसी मंच पर भाजपा नेता का दयाल प्यारी से धक्का-मुक्की करने का वीडियो वायरल हुआ था। मुख्यमंत्री की जनसभा में मंच पर कौन पदाधिकारी व अधिकारी बैठेंगे, इसकी सूची पुलिस को जारी की गई थी। इस सूची में दयाल प्यारी का नाम नहीं था। हालांकि वह मंच पर जा रही थी, लेकिन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने उन्हें रोक दिया। इससे पहले मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए दयाल प्यारी हेलीपैड पर पहुंची थी। वह मुख्यमंत्री के काफिले साथ सराहां तक आई।