मुख्यमंत्री पहुंचे नाहन, किया करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास
CM give crores schemes to nahan मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नाहन के अंतर्राज्यीय बस अड्डे पर छह करोड़ से निर्मित होने वाले पार्किंग व जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया।
नाहन, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शुक्रवार को नाहन के अंतर्राज्यीय बस अड्डे पर छह करोड़ से निर्मित होने वाले पार्किंग व जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री निर्धारित समय से एक घंटा देरी से नाहन पहुंचे। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अनाडेल ग्राउंड पर चौपर में कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे ठीक करने में समय लग गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नाहन के समीप कंगनीवाला में बनाने वाले नेचर पार्क का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने डॉ. वाइएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में 261 करोड़ से बनने वाले भवन का शिलान्यास करेंगे। यहां पर मुख्यमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी, पच्छाद के विधायक सुरेश कश्यप, खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग सह जिला मीडिया प्रभारी प्रताप रावत सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।