लाल निशान वाली सीट पर नहीं बैठेगी कोई भी सवारी
देश में लागू लॉकडाउन के पांचवें चरण के पहले दिन जिला सिरमौर में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवा 66 दिन के बाद शुरू हो जाएगी। जिला सिरमौर में एचआरटीसी के पास 120 बसे हैं जो कि 135 रूटों पर दौड़ती हैं। सोमवार से करीब
राजन पुंडीर, नाहन
जिला सिरमौर में एचआरटीसी की बस सेवा 66 दिन के बाद सोमवार को शुरू हो जाएगी। जिले में एचआरटीसी की 120 बसें हैं जोकि 135 रूटों पर दौड़ती हैं। सोमवार से करीब 80 बसें विभिन्न रूटों पर दौड़ेंगी। इसके अतिरिक्त जिला शिमला और सोलन के लिए भी जिला मुख्यालय नाहन से बस सेवा उपलब्ध रहेगी। यह सभी बसें सुबह सात से शाम सात बजे तक चलेंगी। जिला सिरमौर के एकमात्र निगम के डिपो ने शारीरिक दूरी को ध्यान में रखते हुए तथा चालक व परिचालक की सुरक्षा को ध्यान में रखकर प्लास्टिक कवर से कैबिन तैयार किया है। इसके अंदर चालक और परिचालक होंगे तथा जो यात्री बस में सवार होंगे, वह परिचालक से एक मीटर की दूरी पर आकर टिकट प्राप्त करेंगे। 47 सीटर बस में 28 और 37 सीटर बस में 23 सवारियों को ही बिठाया जाएगा। मुख्य बस अड्डे से जब बस चलेगी उसके बाद जब निर्धारित की हुई सवारियां बस में पूरी हो जाएंगी। उसके बाद बस अगले स्थान तक तब तक नहीं रुकेगी। जब तक उसमें से कोई यात्री उतर नहीं जाता, जितने यात्री रास्ते में उतरेंगे। उतनी ही सवारिया चढ़ाई जाएंगी।
निगम ने शारीरिक दूरी को ध्यान में रखते हुए बस की सीटों पर लाल निशान लगा दिया है। लाल निशान वाली सीट पर कोई भी यात्री नहीं बैठेगा। 3 सीटों वाली पर 2 यात्री तथा 2 सीट वाली पर एक यात्री यात्रा करेगा। फिलहाल यात्रियों से कोई भी अतिरिक्त किराया नहीं वसूला जाएगा। एचआरटीसी नाहन बस अड्डा प्रभारी सुखराम ठाकुर ने बताया कि पहली जून से बसें चलाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।