भाजपा ने रीना के गांव शाया में की आखिरी चुनावी जनसभा
पच्छाद उपचुनाव के लिए राजनैतिक पार्टियों द्वारा किए जा रहे प्रचार के अंतिम दिन भाजपा द्वारा शनिवार को रीना कश्यप के गांव शाया-छबरौण में चुनावी जनसभा की।
संवाद सूत्र, राजगढ़ : पच्छाद उपचुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन भाजपा ने शनिवार को पार्टी प्रत्याशी रीना कश्यप के गांव शाया-छबरौण में जनसभा की। इसमें सिचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, प्रदेश भाजपा महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस मौके पर महेंद्र ठाकुर ने कहा कि उपचुनाव के दौरान पच्छाद के सभी गांव का दौरा कर पाया कि यहां के लोग बहुत मेहनतकश हैं, मगर उन्हें आज तक सुविधाएं नहीं मिल पाई। अगले माह वह अधिकारियों की टीम के साथ पच्छाद के दौरे पर आएंगे और सभी वादे पूरे किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शाया गांव में शिरगुल देवता का प्रादुर्भाव हुआ था। देवता की अपार कृपा से ही रीना को भाजपा का टिकट मिला है। पच्छाद में किसानों को सिचाई सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिचाई योजना के तहत 57 करोड़ की परियोजना तैयार कर केंद्र को भेजी है। राजगढ़ ब्लॉक की 13 पंचायतों को जल जीवन मिशन के तहत लाया है, जिसके लिए 25 करोड़ की डीपीआर तैयार की है। राजगढ़ शहर में सीवरेज सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 18 करोड़ की डीपीआर बनाकर स्वीकृति के लिए भेजी है। उपचुनाव में भाजपा की जीत निश्चित है और पच्छाद में लोगों को पूरा समर्थन मिल रहा है। रीना यहां के लोगों की आवाज बनेंगी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गतिशील नेतृत्व में विकास कार्यो को नई दिशा मिलेगी। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज और चंद्रमोहन ठाकुर ने रीना के पक्ष मे वोट डालने के लिए लोगों से आग्रह किया।