बढ़ाया सेना का मान, दिया वन रैंक वन पेंशन का लाभ
शनिवार को भाजपा लोकसभा प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने पांवटा साहिब बाजार का दौरा कर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में प्रचार किया।
जागरण संवाददाता, नाहन : सुरेश कश्यप ने शनिवार को पांवटा साहिब बाजार का दौरा कर प्रचार किया। इस दौरान उनके साथ विधायक सुखराम चौधरी व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी और मंडल के पदाधिकारी भी साथ रहे। सुरेश कश्यप ने ग्राम पंचायत पातलियों व मुख्य बाजार पांवटा साहिब में दुकानों पर जा जाकर वोट देने की अपील की। इसके बाद उन्होंने पांवटा भाजपा के एससी मोर्चा सम्मेलन में भाटांवाली में भाग लिया। सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों व विकास कार्यो के नाम पर वोट मांगे। सुरेश ने लोगों को आश्वासन दिया। कहा कि अगर वह सांसद बनते हैं तो पांवटा साहिब से जुड़े जो भी मुद्दे व समस्याएं होंगी केंद्र सरकार के समक्ष रखेंगे। सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में भारत का नाम विश्व भर में रोशन किया हैं। पूरे कार्यकाल में एक भी घोटाला नहीं हुआ। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सबका साथ सबका विकास के तहत कार्य किए। वन रैंक वन पेंशन जैसी योजना सैनिकों के लिए शुरू की है। उन्होंने संकल्प पत्र की सराहना की। इससे नवभारत का निर्माण होगा। किसानों, मजदूरों व छोटे उद्यमियों को 60 वर्ष बाद पेंशन देने का फैसला ऐतिहासिक है। इस दौरान उनके साथ अरविद गुप्ता, नरेश खापडा, शिवानी वर्मा, हितेंद्र कुमार, चरणजीत चौधरी आदि मौजूद रहे।