बेहतर कार्य करने वाले कार्यकर्ता सम्मानित
जिला सिरमौर में भाजपा को विधानसभा चुनाव में 75 प्रतिशत से अधिक मत
जागरण संवाददाता, नाहन : जिला सिरमौर में भाजपा को विधानसभा चुनाव में 75 प्रतिशत से अधिक मत दिलवाने पर त्रिदेव सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें विधायक पावटा साहिब सुखराम चौधरी मौजूद, पच्छाद के विधायक सुरेश कश्यप, पूर्व विधायक बलदेव तोमर व पूर्व विधायक फतेह सिंह महरालू व सभी मंडलों के अध्यक्ष विशेष रूप से उपस्थित हुए। कार्यक्रम में विधानसभा चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले बूथो में पावटा विस से सात, नाहन विस से तीन व पच्छाद विस से एक बूथ रहा।
विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता धैर्य से काम लें व लोकसभा चुनाव की तैयारी करें। उन्होंने कहा कि उनका केवल मात्र एक ही लक्ष्य है सिरमौर को प्रदेश का सिरमौर बनाना। कार्यकर्ताओं से वादा किया कि उन्हें निराश नहीं होने दिया जाएगा। विधायक सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश को युवा व जुझारू नेतृत्व मिला है, जिन्होंने शानदार बजट पेश किया है। पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री का सिरमौर दौरा 12-13 अप्रैल को प्रस्तावित है, जिस दौरान सिरमौर की समस्याओं को उठाया जाएगा।
इस अवसर पर रामेश्वर शर्मा, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, शोभाराम चौहान, प्रताप तोमर, प्रताप सिंह, जिप सदस्य अजय मेहत्ता, रामप्रसाद चौधरी, मनीष तोमर, कृष्णा धीमान, नवीन शर्मा, शिवानी वर्मा, मोहन सहोता, कल्याण चौधरी, रछपाल सिंह, सीमा चौधरी, अनिता देवी, पवन जस्सल, अरविंद गुप्ता, दिनेश नेगी, धीरज गुप्ता, चरणजीत चौधरी, शिवानी वर्मा आदि मौजूद रहीं।