नाहन में कुष्ठ रोग को लेकर शुरू हुआ एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान
जागरण संवाददाता, नाहन : नाहन शहर में कुष्ठ रोग को लेकर स्वास्थ्य विभाग चौकन्ना हो गया है। शहर में इस
जागरण संवाददाता, नाहन : नाहन शहर में कुष्ठ रोग को लेकर स्वास्थ्य विभाग चौकन्ना हो गया है। शहर में इस रोग के एक्टिव केस की पहचान के लिए अभियान चलाया गया है। इसका जिम्मा शहर की आशा कार्यकर्ताओं को दिया गया है। आशा कार्यकर्ता लोगों के घर-घर जाकर कुष्ठ रोग के लक्ष्णों को लेकर पूछताछ कर रही हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक कुष्ठ रोग के लक्षणों से संबंधित कोई भी व्यक्ति नहीं मिला है।
स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर नाहन शहर के वार्ड नंबर 12 और एक में आशा कार्यकर्ता कुष्ठ रोग के एक्टिव केस की पहचान के लिए सर्वे कर रही हैं। दोनों वार्डो में आशा कार्यकर्ता अलग-अलग टीमें बनाकर मैदान में उतरीं। इनमें आशा कार्यकर्ता मीना शर्मा, कुसुम शर्मा, निशा तोमर, नीरू, रीतू सिंह, शमीम, अनीता, हरविद्र आदि शामिल रहीं। आशा कार्यकर्ताओं ने लोगों को बताया कि त्वचा में सुन्नपन के साथ त्वचा के रंग में परिवर्तन होना, फीके या लाल धब्बे-पैच पड़ना, पैच की त्वचा मोटी होना, कान का मोटा होना, कान व चेहरे पर गांठें हो जाना कुष्ठ रोग के लक्ष्ण हैं। इसके अलावा यदि कोई आंख बंद करने में असमर्थ है, आंखों से पानी भी आ रहा है, भौहों के बाल झड़ रहे हैं, नाक की हड्डी धंस रही है, कोहनी, घुटने या टखने के आसपास दर्द है, झुनझुनी के साथ नसें मोटी हो रही हैं तो यह भी कुष्ठ रोग के लक्षण हैं। यही नहीं यदि कोई गर्म व ठंडी चीज महसूस नहीं कर पा रहा, किसी चीज को पकड़ते समय कमजोरी महसूस हो रही या उसे उठा नहीं पा रहा है, कमीज के बटन लगाने में मुश्किल हो रही है, पैरों में कमजोरी के कारण चलते समय जूते खुद उतर आना भी कुष्ठ रोग के लक्ष्ण हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी को इनमें से किसी भी प्रकार का कोई लक्षण है तो डाक्टर से संपर्क करें।